UP में शुरू हुई भारत टैक्सी, ड्राइवरों को जीरो कमीशन के साथ 5 लाख की सामाजिक सुरक्षा; 4 शहरों में सेवा शुरू
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में केंद्रीय सहकारिता एवं नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल के साथ भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ किया। भारत टैक्सी से टैक्सी के साथ दोपहिया और तिपहिया वाहन चालक भी पंजीकरण कराकर जुड़ सकेंगे। चालकों को जीरो कमीशन मॉडल के साथ 5 लाख रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा देने की बात कही गई है। फिलहाल यह सेवा लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में शुरू की गई है।
चालकों को क्या मिलेगा फायदा?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि टैक्सी, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चालकों को भारत टैक्सी से जुड़ने के लिए पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद वे जीरो कमीशन पर इस प्लेटफॉर्म का हिस्सा बन सकेंगे और उन्हें 5 लाख रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा मिलेगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, सामाजिक सुरक्षा मिलने से चालक अधिक निश्चिंत होकर अपना काम कर सकेंगे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत टैक्सी सिर्फ यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने वाली सेवा नहीं है, बल्कि इसे देशभर के चालकों और यात्रियों को जोड़ने वाले मॉडल के रूप में आगे बढ़ाने की योजना है। लखनऊ एयरपोर्ट, लखनऊ मेट्रो और लखनऊ पुलिस समेत विभिन्न संस्थानों के साथ इसके लिए समझौता ज्ञापनों का भी आदान-प्रदान हुआ है।
महाकुंभ के अनुभव का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने प्रयागराज महाकुंभ 2025 का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने रैपिडो के जरिए अपनी बाइक से श्रद्धालुओं को संगम तक पहुंचाया था। उन्होंने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से ग्रामीण बस सेवा को भी भारत टैक्सी की तर्ज पर आगे बढ़ाने को कहा। उनका कहना था कि इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
किसानों के लिए भी बड़ा ऐलान
इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना की भी शुरुआत की गई। इसके तहत उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक से किसानों को मिलने वाले दीर्घकालिक ऋण की ब्याज दर 11 फीसदी से घटाकर 6 फीसदी कर दी गई है। खेती-बाड़ी और कृषि मशीनरी के लिए दीर्घकालिक ऋण की व्यवस्था की गई है और आने वाले वर्षों में 5 लाख लघु एवं सीमांत किसानों को इसका लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 में सरकार बनने के बाद 86 लाख लघु और सीमांत किसानों के 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ऋण माफ किए गए। उनके मुताबिक, पिछले साढ़े 9 वर्षों में 24 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है। 16 लाख से अधिक निजी ट्यूबवेल वाले किसानों को मुफ्त बिजली और नहर तथा सरकारी ट्यूबवेल से मुफ्त सिंचाई उपलब्ध कराने की बात भी उन्होंने कही।
चीनी मिलों और सहकारिता क्षेत्र का भी जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में 122 चीनी मिलें संचालित हैं और इनमें 100 से अधिक मिलें गन्ना मूल्य का भुगतान चौथे दिन कर रही हैं। पिछले 9 वर्षों में 3.30 लाख करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किए जाने की बात उन्होंने कही।
मुख्यमंत्री के अनुसार, 2017 से पहले प्रदेश के 16 सहकारी बैंक निष्क्रिय हो गए थे, जबकि अब इनमें से 15 बैंक फिर मुनाफे में आ चुके हैं। पैक्स को मिलने वाली 10 लाख रुपये तक की ब्याज मुक्त नकद ऋण सीमा बढ़ाकर 15 लाख रुपये किए जाने और सहकारिता क्षेत्र से 54 लाख नए सदस्यों के जुड़ने की जानकारी भी दी गई।
भारत टैक्सी को दिखाई गई हरी झंडी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 5 सारथियों को भारत टैक्सी के शेयर प्रमाण पत्र और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के 5 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र सौंपे। भारत टैक्सी के सीईओ कर्नल हिमांशु और अडानी एयरपोर्ट लखनऊ के अधिकारियों ने एमओयू का आदान-प्रदान किया। इसके बाद अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर भारत टैक्सी सेवा को रवाना किया।

