Featured Newsउत्तर प्रदेश

PM मोदी के जन्मदिन पर काशी में दिग्गजों ने की बाबा विश्वनाथ की पूजा, स्वस्थ और दीर्घ जीवन की मांगी कामना

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर गुरुवार को काशी में भाजपा और एनडीए के कई दिग्गज जुटे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की। मंदिर के अर्चक श्रीकांत शर्मा ने षोडशोपचार विधि से पूजन कराया। सभी ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना की।

काशी में हुआ विशेष पूजन और सम्मान समारोह

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन हम सभी के लिए गौरव और सौभाग्य का दिन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश के साथ-साथ काशी के सांसद भी हैं। उनके जन्मदिन पर बाबा विश्वनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर उनके स्वस्थ रहने की कामना की गई।

इस दौरान मंदिर के पुरोहितों और आचार्यों का सम्मान किया गया। बड़नगर से काशी तक बाइक रैली में पहुंचे बाइकर्स से मुख्यमंत्री योगी ने संवाद किया और उन्हें प्रसाद वितरित किया। काशी विश्वनाथ धाम में सेवा देने वाले सफाई कर्मचारियों का भी सम्मान किया गया।

17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसी अभियान के तहत काशी में विशेष पूजन-अर्चन, बटुकों और तीर्थ पुरोहितों के सम्मान, स्वच्छता प्रहरियों के नागरिक अभिनंदन और बड़नगर से काशी पहुंचे बाइकर्स से संवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया।

बटुकों और तीर्थ पुरोहितों का किया सम्मान

विशेष पूजा के बाद मंदिर परिसर में मंगलाचरण करने वाले बटुकों और तीर्थ पुरोहितों का सम्मान किया गया। उन्हें अंगवस्त्रम और दक्षिणा प्रदान की गई। विश्वनाथ धाम में सेवा देने वाले स्वच्छता प्रहरियों का भी नागरिक अभिनंदन किया गया। उन्हें प्रसाद, अंगवस्त्रम और दक्षिणा भेंट की गई।

सम्मान और प्रसाद की सामग्री पर्यावरण अनुकूल जूट के झोलों में वितरित की गई।

राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ रहने की कामना की

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर काशी में पूजा-अर्चना की गई। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के आजीवन स्वस्थ रहने की कामना की, ताकि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।

नायडू बोले- देश को प्रधानमंत्री मोदी पर गर्व

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाना खुशी और गर्व की बात है। नायडू ने कहा कि देश को प्रधानमंत्री मोदी पर गर्व है और उन्होंने देश को बहुत गौरव दिलाया है।

उन्होंने कहा कि आने वाले 25 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनेगा। कार्यक्रम में सेवा संकल्प यात्रा के राष्ट्रीय संयोजक बीडी शर्मा, बनारस यात्रा के संयोजक जेपीएस राठौर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।