Featured Newsउत्तर प्रदेश

UP के किसानों को बड़ी राहत, 6 लाख तक का लोन सिर्फ 6% ब्याज पर; समय पर किस्त चुकाने पर 5% ब्याज अनुदान

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लघु और सीमांत किसानों के लिए मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत सस्ती दर पर दीर्घकालिक ऋण की सुविधा को मंजूरी दी गई है। 15 सितंबर 2026 को हुई योगी कैबिनेट की बैठक में योजना के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। इसके तहत पात्र किसानों को 6 लाख रुपये तक का ऋण 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा।

समय पर किस्त चुकाने पर 5% ब्याज अनुदान

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत राज्य सरकार किसानों को दिए जाने वाले ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान देगी। यह अनुदान उन्हीं किसानों को मिलेगा, जो निर्धारित समय के भीतर अपनी ऋण किस्तों का भुगतान करेंगे। योजना का उद्देश्य किसानों को रियायती दर पर दीर्घकालिक पूंजी उपलब्ध कराना है।

योजना के तहत ऋण उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार के मुताबिक, सस्ती ब्याज दर पर ऋण मिलने से लघु और सीमांत किसानों को दीर्घकालीन निवेश के लिए वित्तीय मदद मिल सकेगी।

11 से 11.50% ब्याज वाले कर्ज से राहत

जानकारी के मुताबिक, नाबार्ड की ओर से मिलने वाले कुछ ऋणों पर ब्याज दर 11 से 11.50 प्रतिशत तक बताई गई है। ऐसे में सरकार की नई योजना के तहत 6 प्रतिशत की रियायती दर पर दीर्घकालिक ऋण उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।

कौन किसान ले सकेंगे योजना का लाभ

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का लाभ उत्तर प्रदेश के लघु और सीमांत किसानों को देने का प्रावधान है। इसके लिए किसान का उत्तर प्रदेश का निवासी होना और उसके पास कृषि योग्य भूमि होना जरूरी है। जमीन से संबंधित दस्तावेज सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज होने चाहिए।

5 साल या उससे अधिक अवधि के लिए ऋण

इस योजना के तहत किसानों को दीर्घकालिक ऋण दिया जाएगा। ऋण की अवधि 5 साल या उससे अधिक रखे जाने का विकल्प है। ब्याज पर सरकार की ओर से अनुदान मिलने से समय पर किस्त चुकाने वाले पात्र किसानों के लिए ऋण की लागत कम हो सकती है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के लिए 38 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया गया है। यह राशि दीर्घकालिक ऋण पर ब्याज अनुदान के साथ उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक को कार्यशील पूंजी सहायता तथा बैंक शाखाओं के आधुनिकीकरण और ब्रांडिंग के लिए रखी गई है।