वाराणसी में सफाई कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी, अब 10 हजार की जगह मिलेंगे 16 हजार रुपये
10 हजार से बढ़कर 16 हजार रुपये होगा मानदेय
समारोह में सफाई कर्मचारी चिंता देवी ने कहा कि पहले मिलने वाले 10 हजार रुपये के मानदेय से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल होता था। उन्होंने बताया कि अब 16 हजार रुपये मिलने की घोषणा से उन्हें राहत की उम्मीद है। चिंता देवी ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की लंबे समय से मांग थी कि उनका वेतन बढ़ाया जाए या उन्हें स्थायी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए।
एक अन्य महिला सफाई मित्र ने भी मानदेय बढ़ाने के फैसले पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि वेतन में बढ़ोतरी के साथ-साथ सफाई कर्मचारियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा मिलने से उनके और उनके बच्चों के भविष्य को अधिक सुरक्षा मिल सकती है।
सफाई मित्रों ने सरकार के फैसले पर जताई खुशी
सफाई कर्मचारी राजकुमार ने कहा कि कर्मचारियों की सुविधाओं को लेकर जो घोषणाएं की गई हैं, उनसे वे खुश हैं। वहीं, सफाई मित्र रमेश ने मानदेय बढ़ाने के फैसले के लिए आभार जताया और कहा कि वे आगे भी अपनी सेवाएं देते रहेंगे।
सफाई मित्र दिनेश ने बताया कि पहले मिलने वाला मानदेय उनकी मेहनत के मुकाबले कम था। उनके मुताबिक, अब 5 से 6 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी होने से परिवार का खर्च चलाने में मदद मिलेगी। उन्होंने सरकार से सफाई कर्मचारियों के हित में आगे भी कदम उठाते रहने की अपील की।

स्थायी नौकरी और सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने की भी मांग
मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा के साथ सफाई कर्मचारियों ने स्थायी नौकरी और सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिए जाने की मांग भी उठाई। कर्मचारियों का कहना है कि नियमित रोजगार मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर होगी और परिवार के भविष्य को लेकर अनिश्चितता कम होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद सफाई कर्मचारियों को बढ़े हुए मानदेय का लाभ कब से और किस प्रक्रिया के तहत मिलेगा, इसकी विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।


