विजयादशमी पर झारखंड के राज्यपाल और CM हेमंत सोरेन का संदेश, शांति-सद्भाव बनाए रखने और अन्याय के खिलाफ खड़े होने की अपील
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने का दिया संदेश
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोशल मीडिया पर साझा अपने संदेश में विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व लोगों को सत्य, न्याय और धर्म के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि यह पावन अवसर सभी के जीवन में सुख-समृद्धि लेकर आए और समाज में शांति, सद्भाव तथा सकारात्मकता को और मजबूत करे।
उन्होंने त्योहार के माध्यम से सामाजिक सौहार्द और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
CM हेमंत सोरेन बोले- अंत में सत्य की ही होती है जीत
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विजयादशमी को सत्य की असत्य पर, धर्म की अधर्म पर और न्याय की अन्याय पर जीत का प्रतीक बताया। सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा कि यह त्योहार याद दिलाता है कि बुराई चाहे कितनी भी शक्तिशाली क्यों न दिखाई दे, आखिरकार जीत सत्य की ही होती है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अन्याय, भेदभाव और बुराई के हर रूप के खिलाफ खड़े होने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत बनाने का संदेश देते हुए सभी को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश के अंत में उन्होंने ‘शुभो विजया’ भी कहा।
बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है विजयादशमी
विजयादशमी को दशहरा के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व नवरात्र और दुर्गा पूजा के समापन के अवसर पर मनाया जाता है तथा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है।
देशभर में इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कई स्थानों पर रावण के पुतलों का दहन किया जाता है। इसके अलावा पूजा-अर्चना, गीत-संगीत, नृत्य और जुलूसों के जरिए त्योहार मनाया जाता है।

