कैंची धाम के पास भीषण हादसा: 150 मीटर गहरी खाई में नदी में जा गिरी कार, बरेली के एक युवक की मौत, चार गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। दुर्गम पहाड़ी इलाके में काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी पांचों युवकों को बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात करीब 12:45 बजे डायल 112 पर निगलाट कैंची धाम के पास एक वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली थी।
एक युवक ने मौके पर तोड़ा दम
प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। तलाशी अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश नंबर की कार (UP25EJ-4586) खाई में नदी के भीतर मिली। कार में कुल पांच लोग सवार थे।
रेस्क्यू टीम ने सभी को बाहर निकाला, लेकिन इनमें संदीप शर्मा निवासी मनकापुर, थाना भुता, जिला बरेली की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
चार घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे में घायल अनुज तिवारी (29), निवासी शेखपुर, थाना भुता, बरेली; सनी (23); रवि और संचित तिवारी (26), निवासी बरेली को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा गया। पुलिस के अनुसार, हादसे के समय अनुज कार चला रहा था।
कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा। रेस्क्यू और कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा के साथ कांस्टेबल तारा कंबोज, हरीश बिष्ट, महेश गोस्वामी और होमगार्ड राजेंद्र बिष्ट शामिल रहे।
कार-स्कूटर की टक्कर के बाद दो पड़ोसी परिवारों में मारपीट
देहरादून के सहस्रधारा रोड स्थित विश्वनाथ एन्क्लेव में कार और स्कूटर की टक्कर के बाद दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद मारपीट तक पहुंच गया। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर रायपुर पुलिस ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, पहले पक्ष की जिज्ञासा मेहता ने शिकायत में बताया कि मंगलवार रात करीब एक बजे एक कार ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। इसके बाद जब वे लोग पूछताछ के लिए बाहर आए तो पड़ोसी अन्नू, उनके पति और परिवार के अन्य सदस्यों ने कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की। उन्होंने जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
वहीं, दूसरे पक्ष की अन्नू पत्नी विकास कुमार ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान पड़ोसियों ने उनके पति और दोस्तों के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। इस घटना में उनके पति और दोस्तों को चोटें आईं। अन्नू ने भी दूसरे पक्ष पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

