Featured Newsउत्तर प्रदेश

देव दीपावली पर 11 लाख दीयों से जगमगाएगी काशी, 24 नवंबर को लेजर-ड्रोन शो और ग्रीन आतिशबाजी; योगी ने दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश

वाराणसी: काशी में देव दीपावली को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस बार 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर वाराणसी के सभी पक्के घाटों, गंगा के रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली काशी की सांस्कृतिक पहचान और विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें और पिछले वर्षों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं तैयार करें।

20 से 23 नवंबर तक गंगा महोत्सव, 24 को देव दीपावली

अधिकारियों ने बैठक में बताया कि गंगा महोत्सव का आयोजन 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर होगा। चारों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने इनमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

देव दीपावली के दिन घाटों के साथ शहर के 100 से अधिक कुंडों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। दीपोत्सव में महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार किए गए दीपक भी शामिल होंगे। इसके लिए घाटों और रेतीले तट को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दीपोत्सव का आयोजन केवल गंगा घाटों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों पर भी विशेष इंतजाम किए जाएं। 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती भी है, इसलिए गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और संगत से जुड़ी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा गया है।

दशाश्वमेध की महाआरती, चेत सिंह घाट पर होगा लेजर शो

24 नवंबर की शाम काशी के सभी घाटों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध गंगा महाआरती का आयोजन होगा। इसके बाद चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो आयोजित किया जाएगा।

दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो होगा, जबकि काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इन सभी आयोजनों में आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जाए।

10 जोन और 21 सेक्टरों में बंटेगा सुरक्षा इंतजाम

देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पूरे घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए जोनल और सेक्टर प्रभारियों की तैनाती की जाएगी।

घाटों पर 27 वॉच टावर बनाए जाएंगे। इसके अलावा त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी), ड्रोन कैमरे और निजी गोताखोर तैनात रहेंगे। 21 प्रमुख घाटों पर एंटी-रोमियो स्क्वॉड की भी तैनाती होगी। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की मदद के लिए 11 खोया-पाया केंद्र बनाए जाएंगे। पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर से लगातार गश्त करेगी।

गंगा में पहली बार टू-वे लेन से चलेंगी नावें

नावों के संचालन और नदी में सुरक्षा के लिए इस बार विशेष व्यवस्था की गई है। पिछले वर्ष भीड़ के दौरान सामने आई समस्याओं को देखते हुए नमो घाट से अस्सी घाट के बीच फ्लोटिंग वॉटर जेट्टी लगाकर टू-वे लेन सिस्टम तैयार किया गया है।

इसके तहत नावें नमो घाट से अस्सी घाट की ओर जाएंगी और दूसरी ओर रेतीले तट के रास्ते अस्सी घाट से नमो घाट वापस लौटेंगी। अधिकारियों के मुताबिक, इससे नदी में नावों की आवाजाही व्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी।

नदी में डीजल से चलने वाली और दूसरे जिलों से आने वाली बाहरी नावों के संचालन पर रोक रहेगी। बचाव और राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वॉटर एम्बुलेंस तैनात रहेंगी। चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन भी सक्रिय रहेगा। घाटों पर चेंजिंग रूम, मोबाइल शौचालय, पेयजल टैंकर और सफाईकर्मियों की व्यवस्था की जाएगी।

जाम से बचाने के लिए 7 डायवर्जन प्वाइंट, 31 पार्किंग स्थल

देव दीपावली के दौरान शहर में यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। सीमावर्ती जिलों से आने वाले भारी वाहनों के लिए सात प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट तय किए गए हैं। शहर के भीतर 31 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी।

भीड़भाड़ वाले प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही सुगम बनाए रखना और शहर को जाम से बचाना है।

14 अस्पतालों को जोड़कर बनेगा ग्रीन कॉरिडोर

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा सेवाओं को भी तैयार रखा जाएगा। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, सर सुंदरलाल अस्पताल और पंडित दीनदयाल अस्पताल समेत प्रमुख सरकारी और निजी अस्पतालों को जोड़ते हुए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके तहत कुल 14 अस्पतालों को आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था से जोड़ा जाएगा।

20 से 25 नवंबर तक विशेष सफाई अभियान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 20 से 25 नवंबर तक पूरे शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि देव दीपावली की रात दीपदान का कार्यक्रम पूरा होते ही घाटों की सफाई शुरू कर दी जाए, ताकि अगले दिन सुबह स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।

उन्होंने टैक्सी, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों से भी संवाद करने और श्रद्धालुओं को उचित कीमत पर सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि काशी के आतिथ्य और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी पहचान है। आयोजन में स्थानीय लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि देश और दुनिया से आने वाले पर्यटक सुखद अनुभव लेकर लौटें।