‘पेंशन क्यों बंद हुई? तुरंत बहाल कराओ…’ जनता दर्शन में दिव्यांग की बात सुन अधिकारियों पर नाराज हुए CM योगी
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र जरूरतमंदों का आयुष्मान कार्ड जल्द बनवाया जाए, ताकि उन्हें इलाज के लिए परेशान न होना पड़े। जरूरत पड़ने पर विवेकाधीन कोष से भी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
लोगों के पास पहुंचकर सुनीं समस्याएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में मौजूद लोगों के पास जाकर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्रों को देखा। उन्होंने शिकायतों का संज्ञान लेते हुए संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र सौंपे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी मामलों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिप्रद तरीके से किया जाए।
देवरिया से आए दिव्यांग ने इलाज के लिए मांगी मदद
जनता दर्शन में देवरिया जनपद से आए एक दिव्यांग व्यक्ति ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता देने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने उसकी बात सुनने के बाद मौके पर ही अधिकारियों को समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बातचीत के दौरान जब मुख्यमंत्री को पता चला कि उस व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, तो उन्होंने अधिकारियों से जल्द से जल्द उसका आयुष्मान कार्ड बनवाने को कहा।
पेंशन बंद होने की जानकारी मिलते ही दिए बहाली के निर्देश
मुख्यमंत्री ने दिव्यांग व्यक्ति से उसकी दिव्यांग पेंशन के बारे में भी जानकारी ली। इस पर पता चला कि उसे पहले पेंशन मिलती थी, लेकिन कुछ कारणों से फिलहाल पेंशन बंद है। यह जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उसकी दिव्यांग पेंशन बहाल कराने के निर्देश दिए।

जरूरतमंदों से बोले- परेशान न हों, सरकार साथ खड़ी है
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि वे परेशान न हों। सरकार हर जरूरतमंद व्यक्ति के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।
गोशाला में गोसेवा कर ली स्वास्थ्य और टीकाकरण की जानकारी
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही। सुबह गुरु गोरखनाथ और अपने ब्रह्मलीन गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लेने के बाद उन्होंने मंदिर की गोशाला में गोसेवा की। मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से गोवंश को गुड़ खिलाया और उनके स्वास्थ्य एवं टीकाकरण की जानकारी गोशाला के कार्यकर्ताओं से ली। उन्होंने गोवंश की देखभाल को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।


