Featured Newsहरियाणा

रिश्वत लेते पकड़े गए अफसरों की उसी जिले में नहीं होगी दोबारा पोस्टिंग, हरियाणा ACB ने उठाया बड़ा कदम

चंडीगढ़: हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के लिए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने अहम पहल की है। अब रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़े गए अधिकारियों और कर्मचारियों को उसी जिले में दोबारा तैनाती नहीं देने की व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। ACB प्रमुख अरशिंदर सिंह चावला ने बताया कि इस संबंध में सभी संबंधित सरकारी विभागों को पत्र भेजा गया है।

हाई पावर कमेटी की बैठक में हुआ फैसला

ACB प्रमुख के अनुसार, यह निर्णय ब्यूरो की हाई पावर कमेटी में विचार-विमर्श के बाद लिया गया है। इसे जल्द लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कई बार सामने आया है कि किसी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में कार्रवाई होने के कुछ समय बाद उसकी दोबारा उसी जिले में पोस्टिंग कर दी जाती थी।

अब ऐसे मामलों में उसी जिले में दोबारा तैनाती पर रोक लगाने की दिशा में कदम उठाया गया है। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए पत्र भेजा गया है।

2026 में 23 अधिकारियों-कर्मचारियों को सजा

अरशिंदर सिंह चावला ने बताया कि 1 जनवरी 2026 से अब तक भ्रष्टाचार से जुड़े 21 मामलों में 23 अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न न्यायालयों ने कठोर सजा सुनाई है।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में ACB की कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहती। ब्यूरो की ओर से मामलों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने और दोषियों को अदालत से सजा दिलाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।