हरियाणा

हरियाणा बोर्ड में 9वीं से 12वीं तक एनरोलमेंट शुरू, 12 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन; जानें फीस और जरूरी नियम

भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों की एनरोलमेंट रिटर्न भरने का कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि संबंधित विद्यालय 18 सितंबर से 12 अक्टूबर तक विद्यार्थियों का ऑनलाइन एनरोलमेंट करा सकेंगे।

हरियाणा के छात्रों के लिए 150 रुपये शुल्क

बोर्ड के अनुसार हरियाणा राज्य के विद्यार्थियों के लिए एनरोलमेंट शुल्क 150 रुपये प्रति छात्र निर्धारित किया गया है। वहीं, अन्य राज्यों के प्रवासी विद्यार्थियों के लिए 200 रुपये प्रति छात्र शुल्क देना होगा। राजकीय, अराजकीय स्थायी मान्यता प्राप्त, बोर्ड से स्थायी संबद्धता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ गुरुकुल और विद्यापीठ भी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

विद्यालयों को विद्यार्थियों की एनरोलमेंट रिटर्न और निर्धारित शुल्क एक ही बार में यानी एकमुश्त ऑनलाइन जमा करना होगा। बोर्ड ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों का विवरण सही तरीके से दर्ज किया जाए।

13 से 18 नवंबर तक सुधारी जा सकेंगी गलतियां

विद्यार्थियों के ऑनलाइन दर्ज विवरण में किसी तरह की त्रुटि होने पर 13 नवंबर से 18 नवंबर तक उसमें सुधार कराया जा सकेगा। इसके अलावा कक्षा 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों के लिए 50 रुपये प्रति छात्र प्रश्न पत्र शुल्क भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन जमा करना होगा।

ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं होगा

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अंतिम तिथि के बाद किसी भी विद्यार्थी का आवेदन फॉर्म ऑफलाइन स्वीकार नहीं किया जाएगा। विद्यालयों के लिए दाखिला खारिज रजिस्टर में दर्ज अंतिम विद्यार्थी के प्रवेश पृष्ठ की सत्यापित छायाप्रति अपलोड करना भी अनिवार्य किया गया है।

विद्यालयों को एनरोलमेंट प्रक्रिया पूरी करते समय शुल्क, विद्यार्थियों के विवरण और जरूरी दस्तावेजों की जांच विशेष सावधानी से करनी होगी, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न हो।