हरियाणा ATS का नार्को-टेरर नेटवर्क पर बड़ा एक्शन, 7 आरोपी गिरफ्तार; अमेरिका में बैठे हैंडलरों से जुड़े तार, हथियार-ड्रग्स बरामद
पंचकूला: हरियाणा एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेररिज्म नेटवर्क से जुड़े एक मामले का खुलासा करते हुए अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर एक्सयूवी और स्कॉर्पियो गाड़ियों के अलावा मोटरसाइकिल, अमेरिका निर्मित पिस्टल, 30 बोर पिस्टल, कैश गिनने वाली 3 मशीनें, 5 मोबाइल फोन, 12 जिंदा कारतूस और 529 ग्राम चिट्टा हेरोइन बरामद की गई है। ATS के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।
13 सितंबर को क्लब में हुई फायरिंग से खुला मामला
पुलिस के अनुसार 13 सितंबर की अलसुबह पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला क्लब में फायरिंग हुई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। फायरिंग में एक युवती घायल हुई थी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जांच में सामने आया कि पांच युवक दो अलग-अलग गाड़ियों से क्लब पहुंचे थे। वहां शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद एक युवक ने गाड़ी से पिस्तौल निकालकर दो राउंड फायर किए, जिसमें एक युवती घायल हो गई।
मौके से 3 आरोपी पकड़े गए, 4 की बाद में गिरफ्तारी
एसपी वरुण सिंगला के मुताबिक इस मामले में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 3 आरोपियों को फायरिंग की घटना के समय मौके से ही पकड़ लिया गया था। इसके बाद एक आरोपी को एसएएस नगर और 3 आरोपियों को लुधियाना से गिरफ्तार किया गया।
शुरुआती पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर कैश गिनने वाली मशीन बरामद हुई। तकनीकी जांच और पूछताछ में अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क से जुड़े होने के महत्वपूर्ण सुराग मिलने के बाद मामले की जांच ATS को सौंप दी गई।
तकनीकी जांच में सामने आई नेटवर्क की कड़ियां
ATS की जांच में फायरिंग करने के आरोपी को 15 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद हथियार उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क को लेकर पुलिस को अहम सुराग मिले। जांच के आधार पर नेटवर्क में मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले एक आरोपी को 19 सितंबर को लुधियाना से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वाहनों की भी जांच शुरू की गई।

529 ग्राम चिट्टा और पिस्टल बरामद
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर सुनसान जगह पर मोटरसाइकिल में छिपाकर रखी गई 529 ग्राम चिट्टा हेरोइन बरामद की गई। इसके अलावा आरोपी के ठिकाने की तलाशी में 30 बोर पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस और कैश गिनने वाली मशीन मिली।
बरामद मादक पदार्थ को लेकर ATS ने अलग मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर लुधियाना में दबिश देकर स्कॉर्पियो गाड़ी, एक कैश काउंटिंग मशीन और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए गए।
अमेरिका में बैठे हैंडलरों से जुड़े होने का दावा
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नेटवर्क के कुछ हैंडलर विदेशों में, विशेष रूप से अमेरिका में बैठे हैं। पुलिस के मुताबिक ये हैंडलर आरोपियों को रहने की जगह, वाहन और पैसे उपलब्ध कराते थे। इसके बाद आरोपियों से हथियार, नशीले पदार्थ और ड्रग मनी को बताए गए ठिकानों तक पहुंचाने का काम कराया जाता था।
ड्रोन से आने वाली खेप को ठिकाने तक पहुंचाने का आरोप
एसपी वरुण सिंगला के अनुसार प्रारंभिक जांच में आरोपियों के अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क के लिए काम करने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क सीमा पार से ड्रोन के जरिए पहुंचने वाली नशीले पदार्थों और हथियारों की खेप को अलग-अलग ठिकानों तक पहुंचाने के लिए स्थानीय लोगों और हैंडलरों का इस्तेमाल करता था।
जांच एजेंसी अब नेटवर्क की पूरी सप्लाई चेन, वित्तीय लेनदेन, हथियारों और मादक पदार्थों के स्रोत तथा विदेशों में बैठे हैंडलरों से आरोपियों के संपर्क की पड़ताल कर रही है। सभी आरोपियों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस ने मामले में आगे और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना जताई है।


