उत्तराखंड

केदारनाथ-बासुकीताल ट्रेक पर गए दो जवानों समेत 5 लोग लापता, हेलीकॉप्टर से तलाश शुरू; कम दृश्यता बनी बाधा

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ-बासुकीताल ट्रेक पर गए पांच सदस्यीय दल के लापता होने से हड़कंप मच गया है। लापता लोगों में 40वीं वाहिनी पीएसी के दो जवान भी शामिल हैं। दल 25 सितंबर को ट्रेक पर निकला था और उसकी योजना ओडिन कॉल होते हुए गंगोत्री पहुंचने की थी। संपर्क टूटने के बाद मंगलवार को रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। हेलीकॉप्टर से भी तलाश की गई, लेकिन कम दृश्यता के कारण अभियान रोकना पड़ा।

एक ट्रेकर के परिजन यशवंत सिंह चौहान ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग को सूचना दी थी कि उनके भाई प्रवेश चौहान पांच साथियों के साथ केदारनाथ-बासुकीताल ट्रेक पर गए हैं और अब उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस नियंत्रण कक्ष और वन्यजीव प्रभाग गोपेश्वर को जानकारी दी गई। इसके साथ ही 40वीं वाहिनी पीएसी से भी समन्वय स्थापित किया गया।

कौन-कौन हैं लापता

लापता पांच लोगों में अमित फर्सवाण और नवीन रावत 40वीं वाहिनी पीएसी से जुड़े हैं। इसके अलावा प्रवेश चौहान उत्तरकाशी में फॉरेस्टर हैं। विवेक जग्गी बगवान के निवासी हैं, जबकि संजय सिंह रावत केदारनाथ में पशुपालन विभाग से जुड़े हैं।

लापता दल की तलाश में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमें जुटी हैं। हेलीकॉप्टर से भी सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन क्षेत्र में कम दृश्यता के कारण इसे फिलहाल स्थगित करना पड़ा।

कालिंदी पास और ओडिन कॉल में फंसे 67 लोग सुरक्षित निकाले गए

उत्तरकाशी में कालिंदी पास और ओडिन कॉल क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी के बीच फंसे 139 पर्वतारोहियों, ट्रेकर्स और सहयोगी स्टाफ को सुरक्षित निकालने के लिए भी रेस्क्यू अभियान चलाया गया। मंगलवार को दूसरे दिन 27 पर्वतारोहियों, ट्रेकर्स और पोर्टर्स को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित निकाला गया।

इसके साथ ही मंगलवार दोपहर तक रेस्क्यू अभियान पूरा हो गया। अब क्षेत्र में पर्वतारोहण अभियानों पर गए 72 पर्वतारोहियों और ट्रेकर्स ने अपना अभियान जारी रखने का फैसला किया है। उनका कहना है कि वे खुद वापस लौट जाएंगे।

अब तक कुल 67 लोगों को हेलीकॉप्टर के जरिए सुरक्षित निकाला जा चुका है। इनमें ओडिन कॉल पास से 29, जोगिन वन से 8, सतोपंथ से 8, कालिंदी पास से 19 और वासुकीताल से 3 लोग शामिल हैं। सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

मौसम साफ होने पर फिर शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान

पिछले सप्ताह बारिश और बर्फबारी के कारण कुल 139 ट्रेकर्स फंस गए थे। सोमवार को रेस्क्यू अभियान के पहले दिन 40 लोगों को सुरक्षित निकाला गया था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण अभियान रोकना पड़ा।

मंगलवार को मौसम साफ होने के बाद सुबह से फिर बचाव अभियान शुरू किया गया। इस दौरान कालिंदी पास से 8, जोगिन वन से 8 और सतोपंथ पीक बेस कैंप से 9 ट्रेकर्स को हेलीकॉप्टर के जरिए सुरक्षित हर्षिल लाया गया। इसके अलावा वासुकीताल क्षेत्र से दो आर्मी पोर्टर्स को भी सुरक्षित निकाला गया।