झारखंड

झारखंड विधानसभा में हेमंत सोरेन का बड़ा दांव, MMDR कानून के खिलाफ प्रस्ताव पास; हर साल 13 हजार करोड़ के नुकसान की आशंका

रांची: झारखंड विधानसभा में संशोधित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम (MMDR) के खिलाफ गुरुवार को प्रस्ताव पारित किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन में यह प्रस्ताव पेश करते हुए केंद्र सरकार से कानून वापस लेने की मांग की। उन्होंने आशंका जताई कि संशोधित कानून लागू होने से झारखंड को हर साल करीब 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है।

कल्याणकारी योजनाओं पर पड़ेगा सीधा असर

प्रस्ताव पेश करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि संसद ने अगस्त में इस संशोधन को पारित किया था। इसका असर राज्य की आर्थिक स्थिति पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि राजस्व में संभावित कमी से सरकार के लिए कल्याणकारी और विकास योजनाओं के लिए जरूरी धन जुटाना मुश्किल होगा। इसका प्रभाव सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, ग्रामीण विकास और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं पर पड़ सकता है।

खनिज अधिकारों से मिलने वाले राजस्व पर संकट

हेमंत सोरेन के मुताबिक, झारखंड सरकार फिलहाल खनिज अधिकारों और खनिजयुक्त भूमि पर उपकर लगाकर सालाना करीब 13 हजार करोड़ रुपये जुटाती है। इस राशि का इस्तेमाल राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास के साथ विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों में किया जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संशोधित एमएमडीआर कानून लागू होने के बाद राज्य सरकार खनिज अधिकारों या खनिजयुक्त भूमि पर किसी भी तरह का कर, उपकर अथवा अन्य शुल्क नहीं लगा सकेगी। इससे राज्य की आय का एक बड़ा स्रोत प्रभावित होगा।

केंद्र से कानून पर दोबारा विचार करने की मांग

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से संशोधन पर पुनर्विचार करने या इसे वापस लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के संवैधानिक और वित्तीय अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए। राज्य को अपने प्राकृतिक संसाधनों से होने वाले राजस्व पर अधिकार मिलना जरूरी है।

कल्पना सोरेन ने केंद्र पर लगाए गंभीर आरोप

झारखंड मुक्ति मोर्चा की विधायक और मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना सोरेन ने भी संशोधित कानून को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड को उसके खनिज संसाधनों से होने वाले लाभ में उचित हिस्सेदारी नहीं मिल रही है।

कल्पना सोरेन ने कहा कि कोयला कंपनियों के पास झारखंड में दो लाख एकड़ से अधिक जमीन है, लेकिन यहां से निकाले जाने वाले खनिजों का इस्तेमाल दूसरे क्षेत्रों के विकास को गति देने में हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के आदिवासियों की स्थिति में सुधार के लिए स्थानीय संसाधनों का लाभ यहां के लोगों तक पहुंचना चाहिए।

झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ से सलाह नहीं लेने का आरोप

कल्पना सोरेन ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने कानून में संशोधन से पहले झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ जैसे खनिज संपदा वाले राज्यों से कोई परामर्श नहीं किया। उन्होंने इसे झारखंड की आर्थिक संभावनाओं को कमजोर करने और राज्य सरकार को जनता की आकांक्षाएं पूरी करने से रोकने की कोशिश बताया।

उन्होंने कहा कि जनता ने चुनाव में सरकार पर भरोसा जताते हुए भारी बहुमत दिया है। झारखंड केंद्र सरकार का कोई उपनिवेश नहीं है, जहां से उसके संसाधनों का मनमाने तरीके से दोहन किया जा सके। कल्पना सोरेन ने कहा कि राज्य अपने अधिकारों को हासिल करना जानता है और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा।