ब्रिक्स सम्मेलन से लेकर 53 हजार करोड़ के निवेश तक, CM मोहन यादव ने गिनाईं MP सरकार की बड़ी उपलब्धियां
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन भारत की वैश्विक भूमिका और बढ़ती साख का प्रतीक बना है। उन्होंने सम्मेलन की सफलता और नई दिल्ली घोषणा-पत्र को केंद्र सरकार की कूटनीतिक उपलब्धि बताया। मंगलवार को मंत्रालय में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में मंत्रियों ने भी ब्रिक्स सम्मेलन की सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को बधाई दी। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव की दुबई यात्रा और वहां मिले निवेश प्रस्तावों सहित प्रदेश में पिछले ढाई वर्षों के दौरान पूरे हुए लंबित कार्यों, परिवहन सेवाओं के विस्तार, ग्रामीण परिवारों को संपत्ति के पक्के अधिकार और आगामी जनसेवा अभियानों की जानकारी दी गई।
नई दिल्ली घोषणा-पत्र में शांति, व्यापार और तकनीक पर साझा रुख
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि ब्रिक्स के 11 सदस्य देश दुनिया की करीब 49.5 प्रतिशत आबादी, 40 प्रतिशत वैश्विक जीडीपी और 26 प्रतिशत वैश्विक व्यापार का प्रतिनिधित्व करते हैं। भारत की अध्यक्षता के दौरान 25 शहरों में 350 से अधिक बैठकें और कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान ब्रिक्स नई दिल्ली घोषणा-पत्र को सर्वसम्मति से अपनाया गया। इसमें शांति, आतंकवाद, व्यापार, वित्त, तकनीक और सतत विकास जैसे विषयों पर साझा दृष्टिकोण सामने आया।
मुख्यमंत्री के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक व्यवस्था को ‘पिरामिड ऑफ प्रिविलेज’ से ‘प्लेटफॉर्म ऑफ पार्टनरशिप’ में बदलने और भारत को ‘रूल टेकर’ से ‘रूल शेपर’ बनाने की बात कही। घोषणा-पत्र में आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा की गई। इसके साथ तेज, सुरक्षित और कम लागत वाले सीमा-पार भुगतान तंत्र, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल सार्वजनिक ढांचे और साइबर सहयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
इंदौर और भोपाल में भी हुए ब्रिक्स से जुड़े कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश के लिए भी ब्रिक्स सम्मेलन महत्वपूर्ण रहा। इंदौर में ब्रिक्स युवा उद्यमिता कार्य समूह, कृषि कार्य समूह और 16वीं कृषि मंत्रियों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें ‘इंदौर घोषणा’ को अपनाया गया। वहीं भोपाल में संस्कृति कार्य समूह, ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव और 11वीं संस्कृति मंत्रियों की बैठक हुई, जिसमें ‘भोपाल घोषणा’ अपनाई गई।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है, जबकि 7 अक्टूबर को लोकसेवा में उनके 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। अभियान के तहत अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और मंत्रियों के साथ वरिष्ठ अधिकारियों को राज्य स्तर पर नोडल जिम्मेदारी दी गई है। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से अपने प्रभार वाले जिलों में योजनाओं और विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नेतृत्व करने को कहा।
21 साल बाद फिर शुरू होगी सरकारी बस सेवा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश में करीब 21 वर्ष से बंद सरकारी बस सेवा फिर शुरू की जा रही है। 25 सितंबर 2026 से ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा’ शुरू करने की योजना है। इसके तहत करीब 150 सिटी रूट, 450 इंटरसिटी रूट और 436 इंटरस्टेट रूट विकसित किए जाएंगे। सरकार ने वर्ष 2030 तक प्रदेश के 75 प्रतिशत विकासखंडों को सुगम बस परिवहन सेवा से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।
50 लाख ग्रामीण संपत्तियों का होगा मुफ्त पंजीयन
मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को इंदौर में ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना’ की शुरुआत की जाएगी। उनके अनुसार मध्यप्रदेश ने स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेखों के निःशुल्क पंजीयन का निर्णय लिया है। ग्रामीण हितग्राहियों को स्टाम्प ड्यूटी और पंजीयन शुल्क से छूट दी गई है और इसका खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
मुख्यमंत्री के मुताबिक प्रदेश में अब तक 68 लाख 11 हजार अधिकार अभिलेख तैयार किए जा चुके हैं। इनमें से करीब 50 लाख निजी संपत्तियों के अधिकार अभिलेखों का मुफ्त पंजीयन किया जाएगा। पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे और पंजीयन के बाद दस्तावेज हितग्राहियों को व्हाट्सऐप पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। प्रक्रिया को एक महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
दुबई यात्रा में 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 6 से 8 सितंबर 2026 तक हुई दुबई और शारजाह यात्रा के दौरान मिले निवेश प्रस्तावों की जानकारी भी दी। उनके अनुसार दुबई में आयोजित निवेश संवाद में 200 से अधिक उद्योगपति, निवेशक और उद्यमी शामिल हुए तथा मध्यप्रदेश को 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले।
इन प्रस्तावों में राणा होल्डिंग्स की करीब 35,200 करोड़ रुपये, एनआईडीआई सर्विसेज की करीब 18,000 करोड़ रुपये और लुलु ग्रुप की करीब 2,500 करोड़ रुपये के निवेश में रुचि शामिल है। मुख्यमंत्री ने बताया कि डीपी वर्ल्ड के साथ पवारखेड़ा में लॉजिस्टिक्स हब और शराफ ग्रुप के साथ लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित करने पर चर्चा हुई। इंदौर के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन मॉडल और इंदौर-पीथमपुर-उज्जैन विकास गलियारे में एकीकृत शहरी परियोजनाओं को लेकर भी बातचीत हुई। एआईएम इन्वेस्टमेंट अवॉर्ड्स-2026 में मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम को एशिया की सर्वश्रेष्ठ निवेश प्रोत्साहन एजेंसी का सम्मान मिलने की जानकारी भी दी गई।
17 सितंबर को सेवा और आभार से जुड़े कई कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत होगी। उज्जैन में 25 लाख से अधिक दीये प्रज्ज्वलित करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी दिन इंदौर में स्वामित्व योजना के तहत करीब 50 लाख निजी संपत्तियों के अधिकार अभिलेखों के निःशुल्क पंजीयन की शुरुआत होगी। गांधी सागर में चीतों को छोड़ने का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
धार को मिला गुजरात से सीधा रेल संपर्क
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छोटा उदयपुर-धार रेल परियोजना के तहत जोबट और टांडा रोड के बीच रेल खंड के लोकार्पण और टांडा रोड स्टेशन से मेमू यात्री ट्रेन के शुभारंभ को धार और आसपास के जनजातीय क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इससे धार जिले का गुजरात से सीधा रेल संपर्क स्थापित हुआ है। रेल सेवा से व्यापार, शिक्षा, रोजगार और चिकित्सा सहित कई क्षेत्रों में आवाजाही आसान होने की बात कही गई।
7,500 से ज्यादा मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी ई-स्कूटी
मुख्यमंत्री ने बताया कि शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूलों में कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री ई-स्कूटी योजना के तहत 19 सितंबर को भोपाल में ई-स्कूटी दी जाएगी। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 7,500 से अधिक विद्यार्थियों को योजना का लाभ देने की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री के अनुसार अब तक 23 हजार से ज्यादा विद्यार्थी योजना से लाभान्वित हो चुके हैं और सरकार करीब 250 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है।
भारतीय महिला और पुरुष हॉकी टीमों को दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय खेल टीमों की उपलब्धियों पर भी बधाई दी। उन्होंने श्रीलंका को हराकर एशिया कप जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम, चीन को हराकर जूनियर महिला एशिया कप जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम और कोरिया को हराकर जूनियर एशिया कप जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम को शुभकामनाएं दीं।
गणेशोत्सव और जैन पर्वों पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गणेशोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दस दिवसीय गणेश महापर्व पूरे मध्यप्रदेश में मनाया जा रहा है। उन्होंने भगवान गणेश से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही श्वेतांबर जैन समाज के पर्युषण पर्व के अंतिम दिन और 16 सितंबर से शुरू हुए दिगंबर जैन समाज के दशलक्षण पर्व पर भी शुभकामनाएं दीं।


