भोपाल के न्यू मार्केट में सिलेंडर फटने से भीषण आग, 5-6 दुकानें चपेट में; जान बचाने के लिए पहली मंजिल से कूदे लोग
मार्केट में मौजूद थे 50 से 60 लोग
बताया जा रहा है कि घटना के समय न्यू मार्केट में करीब 50 से 60 लोग मौजूद थे। इसी दौरान छोले-भटूरे की दुकान में आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने लगी तो आसपास की दुकानों में भी खतरा बढ़ गया। पहली मंजिल पर मौजूद लोगों ने नीचे उतरने के लिए कूदकर अपनी जान बचाई।
सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की 15 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के लिए अभियान चलाया। आग की चपेट में आसपास की बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और कपड़ों की दुकानें भी आ गईं।
आग बढ़ने पर मौके पर पहुंचे विधायक
भाजपा विधायक भगवानदास ने बताया कि उन्हें छोले-भटूरे की दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। उनके मुताबिक, आग लगातार फैल रही थी और आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचने का खतरा था। उन्होंने नगर निगम, दमकल विभाग और वल्लभ भवन में संपर्क कर अधिक से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर भेजने की बात कही। उन्होंने बताया कि उस समय तक पांचवीं दुकान भी आग की चपेट में आने की जानकारी मिली थी।
भटूरे तलते समय भड़की आग, बैनर ने भी पकड़ी लपटें
प्रत्यक्षदर्शी निलेश पाटिल के अनुसार, दुकान में भटूरे तलते समय अचानक आग भड़क गई। इसके बाद दुकान के ऊपर लगा बैनर भी आग की चपेट में आ गया, जिससे लपटें और तेजी से फैलने लगीं।
सामने की दुकान के संचालक संजय कुमार जैन ने बताया कि उन्होंने नगर निगम की दमकल को सूचना दी थी। उनके अनुसार, दमकल वाहन करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि न्यू मार्केट चौराहे पर अतिक्रमण और मंदिर के सामने जाम के कारण दमकल गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई।

अतिक्रमण को लेकर व्यापारियों ने जताया विरोध
आग की घटना के बाद व्यापारियों ने महापौर और विधायक सबनानी के सामने न्यू मार्केट में अतिक्रमण को लेकर विरोध जताया। व्यापारियों ने दमकल वाहनों की आवाजाही में आने वाली बाधाओं पर भी चिंता जताई।
विधायक ने इस घटना को सबक बताते हुए न्यू मार्केट को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराने की बात कही। व्यापारियों का कहना था कि बाजार में रास्ते बाधित होने से आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
मंदिर तक नहीं पहुंची आग, दोबारा फैलने की आशंका के बीच जांच
आग की चपेट में आई बालाजी छोले-भटूरे की दुकान खेड़ापति हनुमान मंदिर के पीछे स्थित है। दुकान और मंदिर के बीच दीवार होने के कारण आग मंदिर तक नहीं पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के बाद दुकान और आसपास के इलाके की जांच शुरू की, ताकि कहीं आग दोबारा न भड़क उठे।


