मनीष सिसोदिया को पंजाब पुलिस ने हिरासत में लिया, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की कर रहे थे मांग
चंडीगढ़: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को पंजाब पुलिस ने हिरासत में ले लिया। शनिवार को चंडीगढ़ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते समय पुलिस ने यह कार्रवाई की। प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे और जवाबदेही की मांग उठा रहे थे।
सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश के बाद बढ़ा तनाव
जानकारी के मुताबिक, आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता CEO कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारे लगाए। जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की, तो मौके पर तनाव बढ़ गया। इसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया और मनीष सिसोदिया के साथ पंजाब के वरिष्ठ नेता हरपाल सिंह चीमा तथा पार्टी के कई अन्य नेताओं और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, आंदोलन को समर्थन देने का दावा
हिरासत में लिए जाने से पहले मनीष सिसोदिया ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को भी अपनी पार्टी का समर्थन दिया।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए सिसोदिया ने कहा कि वह आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से इस आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग चंडीगढ़ और पंजाब में भी उठ रही है।
सिसोदिया का आरोप- चुनावों में हो रही है हेराफेरी

AAP नेता ने आरोप लगाया कि चुनावों में हेरफेर की जा रही है और बीजेपी वोट चोरी करके चुनाव जीत रही है। अपने दावे के समर्थन में उन्होंने दिल्ली के पिछले विधानसभा चुनाव का जिक्र किया।
सिसोदिया ने कहा, “सिर्फ डेढ़ साल पहले दिल्ली में चुनाव हुए थे। अरविंद केजरीवाल के चुनाव क्षेत्र नई दिल्ली विधानसभा में उनके 40,000 वोट कटवा दिए गए। ये 40,000 वोट चोरी किए गए थे।”
दिल्ली में भी प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई
चंडीगढ़ के अलावा दिल्ली में भी प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे कई लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरभ दास को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।


