सुरंगों में काम करने वाले श्रमिकों को मिलेगा 20% टनल भत्ता, सामान भी सीधे पहुंचेगा; उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला
हाल ही में जल विद्युत परियोजनाओं की सुरंगों में हुए हादसों के मद्देनजर इस फैसले को अहम माना जा रहा है। नए आदेश से राज्य की परियोजनाओं में काम करने वाले श्रमिकों को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
श्रम विभाग ने जारी किया 20 प्रतिशत टनल भत्ते का आदेश
सचिव श्रम श्रीधर बाबू अदांकी की ओर से सुरंगों में काम करने वाले श्रमिकों का टनल भत्ता 20 प्रतिशत किए जाने का आदेश जारी किया गया है। अब तक केंद्र सरकार और हिमाचल प्रदेश की परियोजनाओं में श्रमिकों को टनल भत्ता दिया जाता था। उत्तराखंड में भी राज्य की परियोजनाओं में काम करने वाले श्रमिकों को यह लाभ मिल सकेगा।
श्रमिकों को अब सीधे मिलेगा सामान, वितरण व्यवस्था में बदलाव
उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने श्रमिकों को बांटे जाने वाले सामान की व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया है। अब कंपनियों से आने वाला सामान सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया जाएगा और उसका ऑनलाइन विवरण भी दर्ज किया जाएगा।
पहले सामान बोर्ड के गोदामों में पड़ा रहता था। इसके बाद कई बार सामान नेताओं के यहां पहुंचने या खाली प्लॉट में रखे-रखे खराब होने की शिकायतें सामने आती थीं। वितरण में पिक एंड चूज की व्यवस्था के कारण भी सवाल उठते रहे हैं।
वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर
कर्मकार कल्याण बोर्ड के सचिव प्रकाश चंद्र दुम्का के मुताबिक, सामान वितरण में शत-प्रतिशत पारदर्शिता बरती जा रही है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सामान वास्तविक लाभार्थी तक पहुंचे।
नई व्यवस्था के तहत सामान सीधे श्रमिकों को उपलब्ध कराया जाएगा और वितरण का ऑनलाइन ब्यौरा अपडेट रखा जाएगा। इससे सामान के भंडारण और वितरण में होने वाली गड़बड़ियों पर रोक लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

