ग्रेटर नोएडा के PNB में करोड़ों की FD में गड़बड़ी का आरोप, मैनेजर समेत 5 कर्मचारी सस्पेंड
94 लाख रुपये जमा होने का दावा, खाते में मिले सिर्फ 16 हजार
मामले का खुलासा बिरोंडी गांव के रहने वाले गौतम के बैंक पहुंचने पर हुआ। गौतम के मुताबिक, उनके पिता का खाता सेक्टर पाई-1 स्थित PNB शाखा में है। परिवार को 50 हजार रुपये की जरूरत थी। चेकबुक उपलब्ध नहीं होने के कारण वह बैंक में निर्धारित फॉर्म भरकर रकम निकालने पहुंचे, लेकिन कर्मचारियों ने खाते में पर्याप्त बैलेंस नहीं होने की जानकारी दी।
गौतम का दावा है कि उनके पिता के खाते में करीब 94 लाख रुपये जमा थे, लेकिन बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि खाते में केवल 16 हजार रुपये बचे हैं। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। गौतम के अनुसार, बैंक अधिकारियों ने फिलहाल रकम वापस दिलाने का भरोसा दिया है।
जमीन अधिग्रहण के मुआवजे के 1.29 करोड़ रुपये भी गायब होने का आरोप
इस मामले में एक अन्य खाताधारक ने भी बड़ी रकम गायब होने की शिकायत की है। उनके मुताबिक, उनकी मां के खाते में जेवर एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण के मुआवजे के रूप में करीब 1 करोड़ 29 लाख रुपये आए थे। परिवार ने जरूरत के मुताबिक इसमें से लगभग 10 से 12 लाख रुपये निकाले थे। ऐसे में खाते में करीब 1 करोड़ 18 लाख रुपये शेष रहने चाहिए थे, लेकिन खाताधारक का आरोप है कि अब खाते में एक रुपया भी नहीं बचा है।
परिवार का कहना है कि पैसों की जरूरत पड़ने पर बैंक में जानकारी लेने के दौरान कथित गड़बड़ी का पता चला। खाताधारक के अनुसार, बैंक की ओर से 10 से 15 दिन के भीतर रकम वापस कराने का आश्वासन दिया गया है। हालांकि, परिवार की ओर से पुलिस में शिकायत देने की तैयारी की जा रही है।
बैंक प्रबंधन की कार्रवाई, शाखा में तैनात किया गया नया स्टाफ
मामला सामने आने के बाद पंजाब नेशनल बैंक के वरिष्ठ अधिकारी शाखा पहुंचे और प्रभावित खाताधारकों को आश्वासन दिया। बैंक प्रबंधन ने शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही शाखा में नए कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
बैंक के स्तर पर कथित वित्तीय गड़बड़ी और कर्मचारियों की संभावित लापरवाही की जांच की जा रही है। हालांकि, बैंक की ओर से अब तक पूरे मामले में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। इसलिए अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कुल कितने खाताधारक प्रभावित हुए हैं, कितनी रकम का हिसाब नहीं मिल रहा है और कथित तौर पर पैसा किन खातों में ट्रांसफर किया गया।
पुलिस को मिलीं 16 शिकायतें, एसीपी ग्रेटर नोएडा को जांच के निर्देश
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के प्रवक्ता के मुताबिक, थाना बीटा-2 क्षेत्र में स्थित बैंक शाखा से जुड़े मामले में खाताधारकों की शिकायतों के समाधान के लिए बैंक प्रबंधन ने आश्वासन दिया है। इस प्रकरण में शाखा प्रबंधक समेत कई कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच और जरूरी कानूनी कार्रवाई के लिए एसीपी ग्रेटर नोएडा को निर्देश दिए हैं। अब तक 16 लोगों की शिकायतें सामने आई हैं। फिलहाल पुलिस शिकायतों के आधार पर जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि खातों से रकम किस तरह निकाली गई या दूसरे खातों में भेजी गई और इस कथित गड़बड़ी में किन लोगों की भूमिका रही।

