हरियाणा के 132 खिलाड़ियों को मिलेंगे 189.38 करोड़ रुपये, CM सैनी ने भीम स्टेडियम के लिए किया 50 करोड़ का ऐलान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि भीम स्टेडियम में खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने जापान में आयोजित एशियाई और पैरा एशियाई खेलों में देश और हरियाणा का गौरव बढ़ाने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एशियाई खेलों में भारत ने कुल 85 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया। इसमें हरियाणा के खिलाड़ियों का योगदान 32 पदकों का रहा, जिनमें 14 स्वर्ण पदक शामिल हैं। वहीं, पैरा एशियाई खेलों में भारत ने 114 पदक जीतकर अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
हरियाणा के पैरा खिलाड़ियों ने इन खेलों में 9 स्वर्ण पदकों सहित कुल 31 पदक अपने नाम किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रतियोगिताओं में प्रदेश के कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कुश्ती में भी भारत का प्रदर्शन वर्ष 1962 के बाद एशियाई खेलों में सबसे बेहतर रहा।
खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के ऑफर लेटर भी
मुख्यमंत्री सैनी ने हरियाणा की बेटियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां भी हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि पात्र खिलाड़ियों को हरियाणा की खेल नीति के तहत सरकारी नौकरियों के ऑफर लेटर भी दिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, राज्य सरकार खेल नर्सरियों, प्रशिक्षण सुविधाओं और प्रशिक्षकों की व्यवस्था को मजबूत करने के साथ खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने पर भी काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।

