बदरीनाथ धाम में 16 नवंबर को थम जाएंगे दर्शन, आज से शुरू हुई पंच पूजा; जानें पांच दिनों में कब-कब क्या होगा
कपाट बंद होने के बाद भगवान बदरी विशाल के दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास पांडुकेश्वर में हो सकेंगे। वहीं, 17 नवंबर को भगवान उद्धव, कुबेर, गरुड़ और आदि शंकराचार्य की गद्दी शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होगी।
बदरीनाथ धाम में पांच दिन तक चलेगी पंच पूजा
कपाट बंद होने से पहले बदरीनाथ मंदिर में अलग-अलग धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। इसकी शुरुआत 12 नवंबर को भगवान गणेश की पूजा-अर्चना से हुई। शाम को गणेश मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे।
13 नवंबर को आदि केदारेश्वर मंदिर और आदि शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद होंगे। 14 नवंबर को वेद-पुराण और खड्ग-पुस्तक का वाचन संपन्न होगा। इसके बाद 15 नवंबर को माता लक्ष्मी को भोग अर्पित किया जाएगा। इस दिन मुख्य पुजारी माता लक्ष्मी को भगवान नारायण के साथ गर्भगृह में विराजमान होने का निमंत्रण देंगे।
16 नवंबर को माता लक्ष्मी गर्भगृह में विराजमान होंगी। इसके बाद रात 9:37 बजे मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
17 नवंबर को शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगी देव डोलियां
बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के अगले दिन यानी 17 नवंबर को भगवान के बालसखा उद्धव, कुबेर, गरुड़ और आदि शंकराचार्य की गद्दी शीतकालीन प्रवास के लिए प्रस्थान करेगी। इनकी यात्रा पांडुकेश्वर और ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर की ओर होगी। इसके बाद शीतकाल में निर्धारित परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना जारी रहेगी।
केदारनाथ धाम के कपाट भी हो चुके हैं बंद
इससे पहले 11 नवंबर को भैयादूज के अवसर पर केदारनाथ धाम के कपाट विधि-विधान के साथ बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने से पहले बुधवार मध्यरात्रि 2 बजे से सुबह 4 बजे तक श्रद्धालुओं को बाबा केदार के दर्शन कराए गए। इसके बाद सुबह 4 से 6 बजे तक समाधि पूजा हुई। मुख्य पुजारी टी गंगाधर लिंग और आचार्यों ने यज्ञ, हवन और समाधि पूजन संपन्न कराया।
बाबा केदार के स्वयंभू शिवलिंग को पुष्प-पत्रों से ढककर समाधि स्वरूप दिया गया। सुबह 6 बजे गर्भगृह के द्वार बंद किए गए और फिर सुबह 8:30 बजे मंदिर का मुख्य द्वार भी बंद कर दिया गया। इस दौरान मंदिर को 20 कुंतल फूलों से सजाया गया था। कपाट बंद होने के मौके पर करीब पांच हजार श्रद्धालु मौजूद रहे।
सेना के बैंड की धुनों के बीच ऊखीमठ रवाना हुई बाबा केदार की डोली
कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह डोली सेना के बैंड की धुनों के बीच हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के साथ ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हुई। डोली देर शाम अपने पहले पड़ाव रामपुर पहुंची।
12 नवंबर को डोली विश्वनाथ मंदिर, गुप्तकाशी पहुंचेगी, जबकि 13 नवंबर को शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां धार्मिक परंपराओं और विधि-विधान के साथ बाबा केदार की शीतकालीन पूजा शुरू होगी।
गौरीकुंड में मां गौरामाई के कपाट भी बंद
केदारनाथ यात्रा के प्रमुख पड़ाव गौरीकुंड स्थित मां गौरामाई मंदिर के कपाट भी भैयादूज पर बंद कर दिए गए। सुबह आठ बजे पुजारियों और ब्राह्मणों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद मां की उत्सव डोली ने मंदिर की परिक्रमा की और अपने शीतकालीन गद्दीस्थल गौरी गांव के लिए प्रस्थान किया।
कपाट बंद करने की प्रक्रिया में बदरी-केदार मंदिर समिति के प्रतिनिधियों, हक-हकूकधारियों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान शिव की उत्सव डोली के गौरीकुंड पहुंचने से पहले मां गौरामाई की डोली गर्भगृह से बाहर निकलकर अपने गद्दीस्थल के लिए रवाना होती है।
छह महीने खरसाली में होंगे मां यमुना के दर्शन
यमुनोत्री धाम के कपाट भी 11 नवंबर को भैयादूज के दिन सुबह 10:28 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली शनिदेव महाराज की अगुवाई में शीतकालीन प्रवास खरसाली के लिए रवाना हुई।
दोपहर बाद डोली के खरसाली पहुंचने पर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं और जयकारों के साथ स्वागत किया। अब अगले छह महीने तक मां यमुना की पूजा खरसाली में होगी।

