अयोध्या दीपोत्सव में 220 टन रेत से बना 58 फीट लंबा राम दरबार, विश्व रिकॉर्ड में दर्ज हुई भव्य कलाकृति
प्रख्यात सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर 220 टन सरयू की रेत से यह कलाकृति तैयार की। इसकी लंबाई 58 फीट और ऊंचाई 20 फीट है। इस कलाकृति के माध्यम से विश्व शांति, मानवता और भाईचारे का संदेश दिया गया है।
सात दिन की मेहनत से तैयार हुआ भव्य राम दरबार
इस विशाल सैंड आर्ट का निर्माण 30 अक्टूबर को शुरू किया गया था। लगातार सात दिनों तक चले काम के बाद 7 नवंबर को इसे अंतिम रूप दिया गया। मधुरेंद्र कुमार के मुताबिक, राम दरबार पर आधारित इतनी विशाल सैंड आर्ट उन्होंने पहली बार बनाई है। उनका दावा है कि यह दुनिया की सबसे लंबी रेत से निर्मित राम दरबार कलाकृति है।
दीपोत्सव के दौरान उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस कलाकृति का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने विश्व रिकॉर्ड की उपलब्धि पर कलाकार को बधाई दी, जबकि उपराष्ट्रपति ने भी उनकी कला की सराहना की।
बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में मिली जगह, गिनीज की प्रक्रिया जारी
कलाकार मधुरेंद्र कुमार ने 30 अक्टूबर को ही इस कलाकृति के लिए बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में आवेदन से जुड़ी जानकारी भेजी थी। 7 नवंबर को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से ईमेल के जरिए स्वीकृति मिलने के बाद इसे रिकॉर्ड में दर्ज किया गया और डिजिटल प्रमाणपत्र जारी किया गया।
वहीं, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया अभी जारी है। फिलहाल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की मान्यता के साथ इस कलाकृति ने अयोध्या के दीपोत्सव को एक और विशेष उपलब्धि से जोड़ दिया है।
25 से ज्यादा देशों में दिखा चुके हैं सैंड आर्ट का हुनर
बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी मधुरेंद्र कुमार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सैंड आर्टिस्ट के रूप में पहचान बना चुके हैं। वह 25 से अधिक देशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और अपने नाम 12 से ज्यादा विश्व रिकॉर्ड होने का दावा करते हैं।
रेत के अलावा वह कोयले की राख, पत्तियों, फल-सब्जियों और पुनर्चक्रण सामग्री से भी कलाकृतियां बनाते हैं। अमेरिका इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से उन्हें रेत कला के क्षेत्र में मानद डॉक्टरेट की उपाधि मिली है।
उनकी कलाकृतियों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नशामुक्ति और विश्व शांति जैसे विषय प्रमुखता से शामिल रहते हैं। अयोध्या में तैयार राम दरबार की यह कलाकृति भारतीय कला, रामकथा और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का एक माध्यम बनी है।

