उत्तर प्रदेश

देव दीपावली पर काशी के आसमान में दिखेगा अद्भुत नजारा, 2100 ड्रोन से साकार होंगी भगवान शिव और गंगा अवतरण की आकृतियां

वाराणसी: काशी की देव दीपावली इस बार सिर्फ गंगा के घाटों पर ही नहीं, बल्कि आसमान में भी अपनी भव्यता का नया अध्याय लिखेगी। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर होने वाले आयोजन में पहली बार 2100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए आसमान में भगवान शिव, शिव तांडव, मां गंगा के धरती पर अवतरण और काशी विश्वनाथ मंदिर की भव्य आकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। करीब 15 मिनट तक चलने वाले इस विशेष ड्रोन शो में 15 अलग-अलग फॉर्मेशन देखने को मिलेंगे। संगीत, हिंदी वॉयस ओवर और थ्री-डी एनिमेशन के जरिए काशी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया जाएगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में राजघाट से नमो घाट तक देव दीपावली का भव्य आयोजन किया जा रहा है। लाखों दीपों की रोशनी के बीच 2100 स्वदेशी ड्रोन पौराणिक प्रसंगों को आसमान में साकार करेंगे। पर्यटन विभाग इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में विशेष तैयारियां कर रहा है।

शिव तांडव से काशी विश्वनाथ तक, आसमान में दिखेगी धार्मिक विरासत

ड्रोन शो की पूरी प्रस्तुति देव दीपावली की थीम पर आधारित होगी। इसमें भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों के साथ महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के धरती पर अवतरण के दृश्य दिखाए जाएंगे। इसके अलावा काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा कालभैरव की आकृतियां भी आसमान में उकेरी जाएंगी। इस विशेष प्रस्तुति में उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के प्रतीक चिह्न भी शामिल होंगे।

इस वर्ष 24 नवंबर को देव दीपावली के अवसर पर काशी के घाट 11 लाख से अधिक दीपों से रोशन होंगे। आयोजन की शुरुआत इससे चार दिन पहले 20 नवंबर को नमो घाट पर गंगा महोत्सव के साथ होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, चार दिवसीय यह महोत्सव 23 नवंबर तक चलेगा।

चेत सिंह घाट पर लेजर शो, दशाश्वमेध पर होगी भव्य महाआरती

देव दीपावली के मुख्य आयोजन के दिन श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए कई विशेष आकर्षण होंगे। 24 नवंबर की शाम चेत सिंह घाट पर भव्य लेजर शो आयोजित किया जाएगा। वहीं, दशाश्वमेध घाट पर विश्व प्रसिद्ध गंगा महाआरती होगी। श्री काशी विश्वनाथ धाम के सामने पर्यावरण के अनुकूल ग्रीन आतिशबाजी भी की जाएगी।

गंगा में बड़ी संख्या में नावों की आवाजाही को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने इस बार नई व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। पहली बार नदी में नावों के संचालन के लिए टू-वे लेन सिस्टम बनाया जाएगा, ताकि आवागमन के दौरान अव्यवस्था और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

10 जोन और 21 सेक्टरों में बंटेगी काशी, 27 वॉच टावर से होगी निगरानी

देव दीपावली पर लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। पूरे शहर को 10 जोन और 21 सेक्टरों में बांटा जाएगा। निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए 27 वॉच टावर बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों की मदद से भी शहर और आयोजन स्थलों पर नजर रखी जाएगी।

पर्यटकों की सहायता और सुरक्षा के लिए पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर से गश्त करेगी। प्रशासन का प्रयास है कि घाटों से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों तक श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन की सुविधा मिल सके।

ट्रैफिक डायवर्जन से लेकर पार्किंग तक, प्रशासन ने तैयार किया प्लान

आयोजन के दौरान शहर को जाम से बचाने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष योजना बनाई है। शहर के बाहरी हिस्सों में सात डायवर्जन प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं, जबकि वाहनों की पार्किंग के लिए 31 स्थल तय किए गए हैं। आयोजन के दौरान प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

चिकित्सा संबंधी आपात स्थिति से निपटने के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत शहर के 14 अस्पतालों को जोड़कर ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को बिना देरी अस्पताल पहुंचाया जा सके। वहीं, शहर की साफ-सफाई और सुंदरता बनाए रखने के लिए 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।