LPU में हिंसक प्रदर्शन के बाद बड़ा फैसला, यूनिवर्सिटी और आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बंद
जालंधर: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से दुष्कर्म के आरोपों को लेकर मामला लगातार गरमाता जा रहा है। इसी बीच प्रशासन ने यूनिवर्सिटी और आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। जानकारी के मुताबिक, अगले आदेश तक इंटरनेट सेवा बंद रखने का फैसला लिया गया है। कैंपस में हुए हंगामे और तोड़फोड़ के बाद अफवाहों को फैलने से रोकने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
10 दिनों के लिए कक्षाएं स्थगित
प्रशासन ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए यूनिवर्सिटी की सभी कक्षाएं भी स्थगित कर दी हैं। इसके साथ ही आने वाले दिनों में होने वाली मिड-टर्म परीक्षाएं भी अगले आदेश तक टाल दी गई हैं। फैसले के बाद अलग-अलग राज्यों से LPU में पढ़ाई करने आए कई छात्र अपने घर लौटने लगे हैं।
पुलिस और छात्रों के बीच हुई थी झड़प

रविवार देर रात LPU परिसर में पुलिस और विद्यार्थियों के बीच झड़प हो गई थी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने कई वाहनों में तोड़फोड़ की और कुछ गाड़ियों में आग भी लगा दी। हिंसक घटनाओं के बाद कैंपस और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है।
दुष्कर्म के आरोपों को लेकर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन अब हिंसक घटनाओं तक पहुंच गया है। इसी के मद्देनजर इंटरनेट सेवा बंद करने और शैक्षणिक गतिविधियां अस्थायी रूप से रोकने का फैसला लिया गया है।


