PM मोदी के जन्मदिन पर हरियाणा सरकार का बड़ा ऐलान, लाडो लक्ष्मी योजना का दूसरा चरण शुरू; अब 1.80 लाख आय तक के परिवारों को लाभ
हरियाणा: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भगवान विश्वकर्मा जयंती, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सेवा दिवस के अवसर पर दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण की शुरुआत का ऐलान किया है। योजना का दायरा बढ़ाते हुए अब 1 लाख 80 हजार रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों की सभी पात्र बहन-बेटियों को इसके दायरे में शामिल किया गया है। नए लाभार्थियों के लिए पंजीकरण भी आज से शुरू हो गया है।
आज से शुरू हुआ नए लाभार्थियों का पंजीकरण
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी पात्र महिलाओं से योजना के तहत अपना पंजीकरण कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार माताओं और बहनों के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है।
एक लाख से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये हुई आय सीमा
पहले दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लिए परिवार की अधिकतम वार्षिक आय सीमा 1 लाख रुपये निर्धारित थी। अब इसे बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये कर दिया गया है। आय सीमा बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में अतिरिक्त महिलाएं योजना के दायरे में आ सकेंगी। इसके लिए नया पंजीकरण पोर्टल भी खोल दिया गया है।
हर महीने मिलते हैं 2100 रुपये

योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। सरकार ने पहले बजट में इस योजना के लिए 5,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था। अब तक करीब 10 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है।
दूसरे बजट में 6500 करोड़ रुपये का प्रावधान
सरकार ने दूसरे बजट में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लिए 6,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। सरकार का कहना है कि महिला आर्थिक रूप से मजबूत होगी तो परिवार भी मजबूत होगा।


