छत्तीसगढ़

UCC पर OP चौधरी का बड़ा बयान, बोले- लागू न होने से मुस्लिम महिलाओं को हुईं कई दिक्कतें; आदिवासी परंपराओं को नुकसान का सवाल ही नहीं

रायपुर: छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 2029 तक भाजपा शासित राज्यों में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के बयान का समर्थन किया है। उन्होंने UCC को संविधान के अनुच्छेद 44 में शामिल नीति निर्देशक तत्वों का हिस्सा बताते हुए कहा कि यह भाजपा के घोषित एजेंडे और चुनावी घोषणापत्र का हिस्सा है। चौधरी ने इसके साथ ही ब्रिक्स सम्मेलन में विपक्षी दलों के कुछ मुख्यमंत्रियों के शामिल नहीं होने पर सवाल उठाया। भारत-चीन संबंधों और वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर चीनी सेना PLA की तैनाती घटने की खबरों को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार की कूटनीति की सराहना की।

अमित शाह के बयान का किया समर्थन

अमित शाह के 2029 तक भाजपा शासित प्रदेशों में UCC लागू करने के बयान पर ओपी चौधरी ने कहा कि शाह अपने संकल्पों को दृढ़ता के साथ लागू करने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने समान नागरिक संहिता को अपने घोषित एजेंडे और चुनावी घोषणापत्र में शामिल किया है।

चौधरी ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 44 में राज्य को समान नागरिक संहिता की दिशा में प्रयास करने की बात कही गई है। UCC का उद्देश्य सभी नागरिकों के लिए व्यक्तिगत कानूनों में समानता की दिशा में आगे बढ़ना है।

मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों का उठाया मुद्दा

ओपी चौधरी ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता लागू नहीं होने के कारण मुस्लिम समाज की महिलाओं को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने संपत्ति में अधिकार, तीन तलाक और बहुविवाह जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी वर्ग की महिलाओं को समान अधिकार मिलना जरूरी है।

उन्होंने UCC को लेकर आदिवासी समाज की परंपराओं और संस्कृति को नुकसान पहुंचने की आशंकाओं को भी खारिज किया। चौधरी ने कहा कि विपक्षी ताकतों की ओर से इस मुद्दे पर भ्रम और अफवाह फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।

आदिवासी परंपराओं और संस्कृति को नहीं होगा नुकसान

वित्त मंत्री ने दावा किया कि समान नागरिक संहिता से आदिवासी समाज की परंपराओं और संस्कृति को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदाय को इस मुद्दे पर चिंतित होने की जरूरत नहीं है।

ओपी चौधरी ने कहा कि भाजपा UCC को प्रगतिशील और समान अधिकारों वाले समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानती है। उनके मुताबिक, इसके जरिए महिलाओं को अधिक समान और उचित अधिकार देने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।