छत्तीसगढ़

नुआखाई पर CM विष्णु देव साय की किसानों को बड़ी शुभकामना, बोले- यह नई फसल, प्रकृति और अन्नदाता के परिश्रम का उत्सव

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई फसल के स्वागत और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाले पावन पर्व नुआखाई पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अन्नदाता किसानों की सुख-समृद्धि, अच्छी फसल और प्रदेश के सभी परिवारों की खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नुआखाई समृद्ध कृषि संस्कृति और लोक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। नई फसल के आगमन की खुशी में मनाया जाने वाला यह पर्व प्रकृति के प्रति आभार, अन्न के सम्मान और किसानों के अथक परिश्रम के प्रति आदर की भावना को दर्शाता है। खेतों में तैयार होने वाली नई फसल किसान की मेहनत के साथ-साथ प्रकृति की कृपा और कृषि प्रधान संस्कृति की समृद्धि का भी प्रतीक है।

छत्तीसगढ़ की संस्कृति में खेती-किसानी का खास स्थान

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेती-किसानी केवल आजीविका का साधन नहीं है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है। प्रदेश के कई पर्व और लोक परंपराएं कृषि चक्र, प्रकृति और लोकजीवन से गहराई से जुड़ी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि नुआखाई लोगों को अपनी मिट्टी, अपनी जड़ों और गौरवशाली परंपराओं से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है। यह पर्व सामाजिक आत्मीयता, पारिवारिक एकजुटता और आपसी सद्भाव को भी मजबूत करता है। परिवार और समाज के लोग जब मिलकर नई फसल की खुशियां साझा करते हैं, तो लोकसंस्कृति और अधिक जीवंत एवं समृद्ध होती है।

किसानों के खेत लहलहाएं, घर-आंगन में आए समृद्धि

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नुआखाई के अवसर पर कामना की कि छत्तीसगढ़ पर प्रकृति की कृपा हमेशा बनी रहे। किसानों के खेत हरे-भरे रहें और फसलों से लहलहाते रहें। अन्न के भंडार भरें और अन्नदाताओं के घर-आंगन में सुख-समृद्धि आए।

उन्होंने प्रदेश के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि लोगों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव लगातार मजबूत होता रहे।