उत्तर प्रदेश

लखनऊ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस पर अमेठी में पथराव, गार्ड घायल; 15 मिनट तक रुकी ट्रेन, जीआरपी ने दर्ज किया मुकदमा

अमेठी: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में वाराणसी से लखनऊ जा रही बनारस-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई है। अमेठी रेलवे स्टेशन के पूर्वी आउटर सिग्नल के पास अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन पर पत्थर फेंके, जिसमें गार्ड हरिकेश घायल हो गए। घटना के बाद ट्रेन को रोकना पड़ा और अमेठी स्टेशन पर घायल गार्ड का प्राथमिक उपचार कराया गया। मामले में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना गाड़ी संख्या 24203 बनारस-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस के साथ हुई। जानकारी के मुताबिक, ट्रेन को रात 8:57 बजे अमेठी रेलवे स्टेशन पहुंचना था। इसी दौरान जब ट्रेन पूर्वी आउटर सिग्नल के पास पहुंची, तभी बाहर से पत्थर फेंके गए। एक पत्थर ट्रेन के गार्ड को लग गया, जिससे वह घायल हो गए। चोट गंभीर नहीं बताई गई है, लेकिन चलती ट्रेन पर पथराव की इस घटना ने रेल यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गार्ड की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा

पथराव के बाद गार्ड ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल को दी। ट्रेन को अमेठी स्टेशन पर रोककर घायल गार्ड का प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद इंटरसिटी एक्सप्रेस करीब 15 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही और फिर रायबरेली के लिए रवाना हो गई।

रायबरेली पहुंचने पर गार्ड हरिकेश ने जीआरपी थाने में घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। रायबरेली जीआरपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि, घटना स्थल प्रतापगढ़ जीआरपी के अधिकार क्षेत्र में आने के कारण मामले को आगे की कार्रवाई के लिए प्रतापगढ़ जीआरपी को भेज दिया गया है।

सिग्नल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ

जीआरपी चौकी प्रभारी किसान बिन्द के मुताबिक, अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के संबंध में पूर्वी आउटर सिग्नल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पथराव करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है।