अयोध्या-जनकपुर ट्रेन से जुड़ेंगी राम और सीता की नगरियां! CM योगी बोले- अवध और मिथिला के रिश्तों में जुड़ा स्वर्णिम अध्याय
सीएम योगी बोले- सदियों पुराने रिश्ते होंगे और मजबूत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अवध और मिथिला के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं ‘रोटी-बेटी’ के चिरंतन संबंधों में आज एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के हाथों अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा का शुभारंभ होगा।
सीएम योगी ने कहा कि त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करने वाले इस पावन अवसर का साक्षी बनने के लिए उन्हें अयोध्या में उपस्थित रहने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक रेल संपर्क से भारत और नेपाल के सदियों पुराने सांस्कृतिक रिश्ते और मजबूत होंगे।
पीएम मोदी के विजन को बताया ऐतिहासिक पहल
मुख्यमंत्री ने इस रेल सेवा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत भी, विकास भी’ और ‘नेबरहुड फर्स्ट’ के संकल्प का जीवंत प्रमाण बताया। उनके मुताबिक, इससे दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं की तीर्थयात्रा आसान होगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक एकता और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
सरयू-कमला एक्सप्रेस से आसान होगा अयोध्या-जनकपुर का सफर
अयोध्या और जनकपुर के बीच शुरू होने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी तक दोनों धार्मिक नगरियों के बीच यात्रा करने के लिए कई ट्रेनें बदलनी पड़ती थीं। सीधी रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों के समय और पैसे की बचत होगी। इसके साथ ही भारत और नेपाल के बीच पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
पीएम मोदी और नेपाल के पीएम बालेन शाह दिखाएंगे हरी झंडी
रेल सेवा का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह वर्चुअल माध्यम से करेंगे। वहीं, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, साधु-संतों, रेलवे अधिकारियों और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। स्टेशन पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जानिए उद्घाटन स्पेशल ट्रेन का पूरा शेड्यूल
रेलवे के अनुसार, उद्घाटन स्पेशल ट्रेन संख्या 04295 अयोध्या धाम से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। रास्ते में यह मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो हाल्ट, मधुबनी और जयनगर स्टेशन पर रुकेगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 10 बजे नेपाल के जनकपुरधाम पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 04296 आगामी 24 नवंबर को दोपहर एक बजे जनकपुरधाम से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:10 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी।
साप्ताहिक एक्सप्रेस में होंगे 17 कोच
उद्घाटन के बाद नियमित रेल सेवा की अधिसूचना पूर्व मध्य रेलवे की ओर से अलग से जारी की जाएगी। नियमित ट्रेन संख्या 15595/15596 के तहत जनकपुरधाम-अयोध्या कैंट-जनकपुरधाम साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी। ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे। इनमें सात स्लीपर, तीन एसी थ्री टियर, दो एसी टू टियर, एक पावर कार, गार्ड कोच और एक एसएलआरडी कोच शामिल हैं।

