Latest:
हरियाणा

हरियाणा HAFED के चेयरमैन बने वीरेंद्र शर्मा, संभाला पदभार! कुलदीप बिश्नोई ने दी बधाई, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक उत्पाद पहुंचाने का लक्ष्य

पंचकूला: हरियाणा हैफेड (HAFED) के नवनियुक्त चेयरमैन वीरेंद्र शर्मा ने सोमवार को अपना पदभार संभाल लिया। इस मौके पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई विशेष रूप से उन्हें बधाई देने पहुंचे। उन्होंने वीरेंद्र शर्मा को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

मुख्यमंत्री नायब सैनी और कुलदीप बिश्नोई का जताया आभार

पदभार संभालने के बाद वीरेंद्र शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में हैफेड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए काम किया जाएगा।

हैफेड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिलाएंगे पहचान

वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि उनका लक्ष्य हैफेड को केवल हरियाणा तक सीमित न रखते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है। इसके लिए संस्था के कामकाज को मजबूत करने के साथ उसके उत्पादों की पहुंच का विस्तार किया जाएगा।

दुनियाभर के बाजारों तक पहुंचेंगे हैफेड के उत्पाद

नवनियुक्त चेयरमैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी के सपने को साकार करने में भी हैफेड अहम भूमिका निभाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि हैफेड के उत्पादों को देश के विभिन्न बाजारों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाया जाए। इसके लिए नए अवसर तलाशने और उत्पादों की पहचान मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।