Featured Newsउत्तर प्रदेश

बुलेट बाइक नहीं मिली तो दूल्हे ने तोड़ दिया रिश्ता? तिलक से चार दिन पहले शादी से किया इनकार, दुल्हन पक्ष ने SP से मांगा इंसाफ

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में दहेज की मांग को लेकर शादी टूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बुलेट बाइक नहीं मिलने पर दूल्हा पक्ष ने तिलक समारोह से ठीक चार दिन पहले शादी करने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि पहले हीरो स्प्लेंडर बाइक की मांग की गई थी, जिसे पूरा करने के लिए लड़की पक्ष ने अपाचे बाइक खरीदकर दी, लेकिन इसके बाद भी दूल्हा पक्ष की मांग नहीं मानी। ऐन मौके पर रिश्ता टूटने से दुल्हन के परिवार में हड़कंप मच गया। अब पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।

फरवरी में तय हुआ था शादी का रिश्ता

पीड़ित परिवार के मुताबिक, उनकी बेटी की शादी मलवां थाना क्षेत्र के बकौली गांव निवासी विक्रम सिंह पुत्र रामबाबू के साथ तय हुई थी। 1 फरवरी 2026 को दोनों परिवारों के बीच गोदभराई और बरीक्षा का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। परिवार का आरोप है कि उस दौरान दूल्हा पक्ष ने कहा था कि उन्हें दहेज में कुछ नहीं चाहिए। लड़की के माता-पिता अपनी इच्छा से बेटी को जो देना चाहें, दे सकते हैं।

इस रस्म में रिश्तेदारों और परिचितों को भी आमंत्रित किया गया था। परिवार ने टेंट और बुफे की व्यवस्था की थी। मेहमानों के स्वागत-सत्कार के साथ दूल्हा पक्ष के लोगों को मान-सम्मान और दान-दक्षिणा भी दी गई थी। उस समय तक शादी की तैयारियां सामान्य रूप से चल रही थीं।

पहले स्प्लेंडर, फिर अपाचे और अब बुलेट की मांग का आरोप

लड़की पक्ष का आरोप है कि गोदभराई के बाद तिलक की तैयारियों के दौरान दूल्हा पक्ष ने हीरो स्प्लेंडर बाइक की मांग रख दी। परिवार ने शादी में कोई अड़चन न आए और रिश्ता बना रहे, इसके लिए धनतेरस के दिन स्प्लेंडर की जगह अपाचे बाइक खरीदकर दे दी।

हालांकि, परिवार का कहना है कि इसके बावजूद दूल्हा पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ और अब बुलेट बाइक देने की जिद करने लगा। इसी मांग को लेकर विवाद बढ़ गया और शादी टूटने की नौबत आ गई।

तिलक से चार दिन पहले फोन कर शादी से किया इनकार

पीड़ित परिवार के मुताबिक, 22 नवंबर को तिलक का कार्यक्रम होना था। लेकिन इससे ठीक चार दिन पहले यानी 18 नवंबर को दूल्हा पक्ष ने फोन कर शादी करने से इनकार कर दिया। परिवार का आरोप है कि शुरुआत में लड़की को लेकर गलत बातें कही गईं, लेकिन बाद में बुलेट बाइक नहीं देने को रिश्ता तोड़ने की वजह बताया गया।

शादी की तैयारियों पर खर्च हो चुके थे लाखों रुपये

दुल्हन के परिजनों का कहना है कि शादी के लिए कपड़े, गहने, मिठाइयां और अन्य जरूरी सामान खरीदा जा चुका था। गोदभराई समेत दूसरी रस्मों पर करीब ढाई से तीन लाख रुपये खर्च किए गए थे। ऐसे में शादी से ठीक पहले रिश्ता टूटने के कारण परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ सामाजिक और मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है।

दूल्हे समेत पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

पीड़ित पक्ष ने दूल्हे विक्रम सिंह, उसके पिता रामबाबू, मां सुनीता, कमालीपुर निवासी जीजा मदन सिंह और ननद पर दहेज में बुलेट बाइक की मांग को लेकर शादी तुड़वाने का आरोप लगाया है। परिवार ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।