योगी ने 50 हजार युवाओं को दिए टैबलेट, बोले- रील नहीं अपना फ्यूचर स्क्रॉल करें; 18 साल वालों से वोटर बनने की अपील
कार्यक्रम में वितरित किए गए 50 हजार टैबलेट में से 35 हजार गोरखपुर के विद्यार्थियों को दिए गए। इसके अलावा देवरिया, कुशीनगर और महाराजगंज के पांच-पांच हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट मिले। मुख्यमंत्री ने मंच से युवाओं को संबोधित करते हुए प्रदेश में पिछले वर्षों के दौरान हुए बदलावों का जिक्र किया और पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा।
‘रील नहीं, फ्यूचर स्क्रॉल करें युवा’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि टैबलेट में इंफोसिस के 18 हजार से अधिक निशुल्क ऑनलाइन कोर्स और युवा साथी ऐप उपलब्ध हैं। पहले चरण में प्रदेश के 60 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए गए थे। आईआईएम लखनऊ के अध्ययन के मुताबिक, इस योजना का लाभ करीब तीन करोड़ लोगों तक पहुंचा। अब दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट वितरित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली सामग्री का फैक्ट चेक करने और डिजिटल सुरक्षा का ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि रील देखने में 30 सेकंड खर्च करने के बजाय कौशल विकास के लिए तीन घंटे दें। टैबलेट का इस्तेमाल पढ़ाई, नई तकनीक सीखने और रोजगार के अवसर तलाशने में करें।
उन्होंने युवाओं से जनगणना 2027 के लिए स्वगणना प्रक्रिया में भाग लेने और मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत फॉर्म-6, 7 और 8 भरने की अपील भी की। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके विद्यार्थियों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
यूपी में 36 लाख करोड़ रुपये की अर्थव्यवस्था, हर जिले में बनेंगे स्किलिंग जोन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। सरकार हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन स्थापित करने की योजना पर काम कर रही है। यहां युवाओं को जापानी और जर्मन भाषाओं के साथ आधुनिक कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि उन्हें देश और विदेश के उद्योगों में रोजगार के अवसर मिल सकें।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है। इसके लिए एक हजार करोड़ रुपये का फंड ऑफ फंड्स बनाया गया है। ओडीओपी, वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूजीन और मुख्यमंत्री युवा योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री युवा योजना के तहत दो लाख युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा 67 लाख विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और कॉलेज स्तर तक अभ्युदय कोचिंग की सुविधा दी जा रही है।
योगी ने कहा कि प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों के माध्यम से 65 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार हुए हैं। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में भी 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश आया है। उन्होंने एक्सप्रेसवे नेटवर्क, 17 एयरपोर्ट, गोरखपुर एम्स और पांच विश्वविद्यालयों का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्वांचल अब इंसेफेलाइटिस से मुक्त हो चुका है।
सपा पर निशाना, बोले- पहले यूपी के युवाओं के सामने था पहचान का संकट
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट था। उन्होंने लोगों से अपने माता-पिता और बुजुर्गों से पूछने को कहा कि पहले प्रदेश की स्थिति कैसी थी। योगी के मुताबिक, उस समय युवाओं को नौकरी मिलने के बाद भी दूसरे राज्यों में किराये पर मकान और होटल में कमरा तक नहीं मिलता था।
उन्होंने पिछली सरकारों पर प्रदेश में दंगे, अपराध, गुंडागर्दी और अराजकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। कहा कि पहले परीक्षाओं में नकल और मुन्ना भाई हावी रहते थे, लेकिन अब भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आई है। आज उत्तर प्रदेश उपद्रव से उत्सव का प्रदेश बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या की पंचकोसी परिक्रमा में देवोत्थान एकादशी पर 50 से 55 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का भी जिक्र किया। उन्होंने लखनऊ स्थित एचसीएल टेक सेंटर का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कर्मचारियों की संख्या 100 से बढ़कर 18 हजार हो गई है। अब बेटियां रात दो बजे भी सुरक्षित घर लौट सकती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल या जहन्नुम का रास्ता है।
2028-29 तक रोजगार और भर्ती प्रक्रिया में तेजी का दावा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में साढ़े नौ वर्षों के दौरान करीब 9.75 लाख सरकारी नियुक्तियां की गई हैं। हाल में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, पुलिस, खेल और राजस्व विभागों में 16 हजार से अधिक लोगों को नियुक्तियां दी गईं।
उन्होंने बताया कि आठ हजार लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार से अधिक होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सरकार की योजना है कि 26 जनवरी तक औसतन हर पांच से सात दिन में नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपर लीक और भर्ती में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कानून बनाया गया है। इसके तहत दोषियों को आजीवन कारावास, एक करोड़ रुपये तक जुर्माना और संपत्ति जब्ती जैसी कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि अब भर्ती में सिफारिश के बजाय प्रतिभा को प्राथमिकता दी जा रही है।
अब नशे के सौदागरों पर सरकार का शिकंजा
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब प्रदेश सरकार नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की और चेतावनी दी कि उनके भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से टैबलेट दिए। इनमें आकाश तिवारी, अनिकेत दुबे, पलक कुमारी, राशि सिंह, नाजिया परवीन, एकता कुमारी, अरीबा खान, अर्चिता द्विवेदी, सौम्या सिंह, दिव्यांजलि पाठक, गणेश पांडे, शुभम यादव, अभिनव सिंह, आशीष यादव, जया राव, अभिषेक शर्मा, अनुराधा पटेल, आकांक्षा पांडे, अहमद रजा, अनामिका सिंह, सोनिया प्रजापति, नितेश चौहान और सुंदरी कुमारी शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ टैबलेट हाथों में लेकर सेल्फी भी ली।
चौरी-चौरा के क्रांतिकारी के प्रपौत्र की मौत पर जताई नाराजगी
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में दो दिन पहले समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से दसवीं के छात्र की मौत का मामला भी उठाया। उन्होंने इस घटना को उत्तर प्रदेश की पहचान पर काला धब्बा बताया। योगी के मुताबिक, मृतक छात्र अपनी छोटी बहन को स्कूल से लेने जा रहा था और वह चौरी-चौरा कांड के क्रांतिकारी पूजन सिंह का प्रपौत्र था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के समय सक्रिय होने वाले अराजक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

