हरियाणा के मधुमक्खी पालकों को बड़ी राहत, सिर्फ 50 रुपये में मिलेगा 1,250 रुपये प्रति कॉलोनी का बीमा कवर; 6.25 लाख तक क्लेम का प्रावधान
मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य मधुमक्खी पालकों को प्राकृतिक आपदाओं और दूसरे जोखिमों से होने वाले संभावित नुकसान के खिलाफ आर्थिक सुरक्षा देना है। सरकार कृषि को लाभकारी बनाने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए लगातार कदम उठा रही है।
शहद उत्पादकों को 120 रुपये प्रति किलो का संरक्षित मूल्य
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने के साथ शहद उत्पादकों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए भी प्रयास कर रही है। इसी दिशा में 16 अगस्त 2025 को कुरुक्षेत्र में शहद को भावांतर भरपाई योजना में शामिल करने की घोषणा की गई थी।
इस योजना के तहत शहद का संरक्षित मूल्य 120 रुपये प्रति किलोग्राम तय किया गया है। इसका उद्देश्य बाजार में कीमतों में उतार-चढ़ाव की स्थिति में शहद उत्पादकों को राहत देना है।
हरियाणा की मंडियों में 43 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद
मुख्यमंत्री ने राज्य में धान खरीद की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि खरीफ खरीद सीजन के तहत 29 सितंबर से प्रदेश की 278 मंडियों में धान की खरीद जारी है। यह प्रक्रिया 15 नवंबर तक चलेगी।
किसानों से कॉमन धान 2,441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान 2,461 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहा है। 5 नवंबर तक प्रदेश की मंडियों में 48 लाख मीट्रिक टन धान की आवक दर्ज की गई थी। इसमें से 43 लाख मीट्रिक टन की खरीद हो चुकी थी, जबकि 37 लाख 20 हजार मीट्रिक टन धान का उठान किया जा चुका था।

