चरणजीत सिंह चन्नी, पंजाब विधानसभा चुनाव 2027, पंजाब कांग्रेस, संस्कृत यूनिवर्सिटी, पंजाब के पुजारी, आम आदमी पार्टी सरकार, पंजाब में गैंगस्टरवाद
बठिंडा में आयोजित एक कार्यक्रम में चन्नी ने कहा कि यदि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनती है तो राज्य में ऐसी यूनिवर्सिटी स्थापित की जाएगी, जहां श्रीरामायण और श्रीमद्भागवत गीता के अध्ययन के लिए विशेष केंद्र बनाए जाएंगे। उनके मुताबिक, संस्कृत यूनिवर्सिटी की स्थापना से राज्य में प्रशिक्षित पुजारियों की जरूरत पूरी करने में मदद मिलेगी और दूसरे राज्यों से पुजारी बुलाने की आवश्यकता भी कम होगी।
कांग्रेस सरकार बनने पर यूनिवर्सिटी शुरू करने का दावा
पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सोमवार को बठिंडा के रामपुराफूल में पूर्व कैबिनेट मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ के स्थानीय कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर आयोजित श्रीरामायण पाठ के भोग कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने बताया कि उनकी अगुआई वाली पिछली कांग्रेस सरकार ने यूनिवर्सिटी स्थापित करने का प्रस्ताव पारित किया था, लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद आम आदमी पार्टी की सरकार ने इस योजना को आगे नहीं बढ़ाया।
चन्नी ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद यदि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनती है तो यूनिवर्सिटी की स्थापना का काम शुरू कर दिया जाएगा।
नशे और गैंगस्टरवाद को लेकर AAP सरकार पर निशाना
कार्यक्रम के दौरान चन्नी ने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर भी आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में नशे, गैंगस्टरवाद और गुंडागर्दी की घटनाएं बढ़ रही हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलाव के नाम पर लोगों को जिस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है, उसकी उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी। उनके मुताबिक, लोगों में घरों से बाहर निकलने तक का डर है। आए दिन हत्याएं हो रही हैं और गैंगस्टर कारोबारियों से फिरौती मांग रहे हैं। फिरौती नहीं देने पर घरों और दुकानों पर गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
महिलाओं पर टिप्पणी को लेकर भी रह चुके हैं विवादों में
चरणजीत सिंह चन्नी इससे पहले भी विवादों में रह चुके हैं। उन पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा था। इस मामले में उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी।

