दीपावली-छठ पर घर जाना होगा आसान, यूपी रोडवेज 6 से 17 नवंबर तक चलाएगा अतिरिक्त बसें
अलीगढ़, जयपुर और नोएडा रूट पर बढ़ेंगी बसें
परिवहन निगम इस विशेष अभियान के दौरान अलग-अलग मार्गों पर यात्रियों की संख्या पर नजर रखेगा। जिस रूट पर यात्रियों का दबाव अधिक होगा और बसों की जरूरत महसूस होगी, वहां तत्काल अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी।
अलीगढ़, जयपुर, नोएडा और बरेली मार्ग पर लगातार बसें संचालित करने की तैयारी है। इसका उद्देश्य त्योहारों पर घर लौटने वाले यात्रियों को बसों की कमी के कारण होने वाली परेशानी से बचाना है।
चालक-परिचालकों की जिम्मेदारी तय, बसों की कमियां होंगी दूर
त्योहारी सीजन में बसों का संचालन सुचारु रखने के लिए डिपो स्तर पर अधिकारियों, चालकों और परिचालकों की जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं। अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देने और जरूरत के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
विशेष अभियान के दौरान चालक-परिचालकों और अन्य कर्मचारियों को अवकाश नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही बसों में मौजूद तकनीकी कमियों को भी दूर किया जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान यात्रियों को असुविधा न हो।
यात्रियों को परेशानी नहीं होने देने का दावा
कार्यवाहक एआरएम विवेक अहिरवार ने बताया कि दीपावली के दौरान लगातार बसों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा और उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

