मध्य प्रदेश में दिवाली की रात काल बनी आग! कटनी-सिवनी के दो मकानों में भीषण अग्निकांड, 12 लोगों की दर्दनाक मौत
कटनी: क्रॉकरी दुकान से तीन मंजिला मकान तक पहुंची आग, छह की मौत
कटनी जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर बरही कस्बे में दिवाली की रात लगभग 11:30 बजे पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान के ठीक ऊपर परिवार का तीन मंजिला मकान बना हुआ था। देखते ही देखते आग ने दुकान के साथ पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के समय परिवार के सदस्य मकान में सो रहे थे। आग और उससे उठे घने धुएं के कारण उन्हें संभलने और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। इस हादसे में परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में दो बुजुर्ग, एक महिला और तीन बच्चे शामिल हैं। वहीं, एक पुरुष और एक महिला किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
पांच घंटे तक चला राहत अभियान, कई जगहों से पहुंचीं दमकल टीमें
आग लगने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुट गए और दमकल विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद बरही, विजयराघवगढ़, कैमोर और कटनी नगर निगम की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब पांच घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक छह लोगों की जान जा चुकी थी।
सिवनी: सर्राफा कारोबारी के घर में तड़के लगी आग, परिवार के छह लोगों की मौत
दूसरा बड़ा हादसा सिवनी जिले के छपारा नगर के महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में हुआ। यहां सोमवार तड़के करीब तीन बजे प्रसिद्ध सर्राफा कारोबारी कुंदन सोनी के मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में सो रहे लोगों को बाहर निकलने का अवसर नहीं मिला।
इस अग्निकांड में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कुंदन लाल सोनी (75), राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) के रूप में हुई है।
घर में मौजूद 10 लोगों में से चार को सुरक्षित बचाया गया
लखनादौन के एसडीओपी अपूर्व भलावी के मुताबिक, आग लगने के समय मकान में कुल 10 लोग मौजूद थे। इनमें से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बचाए गए लोगों में अमायरा सोनी (7), रितेश सोनी (45), सौरभ सोनी (43) और आकर्ष सोनी (14) शामिल हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया और मकान में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
दिवाली की रात दो अग्निकांडों ने उजाड़ दिए दो परिवार
कटनी और सिवनी में कुछ ही घंटों के अंतराल पर हुए इन दोनों हादसों ने पूरे मध्य प्रदेश को झकझोर दिया है। एक तरफ जहां लोग दीपावली का त्योहार मना रहे थे, वहीं दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दोनों घटनाओं में कुल 12 लोगों की मौत हुई है। फिलहाल संबंधित एजेंसियां आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं।

