छत्तीसगढ़

रायपुर में 7-8 अक्टूबर को लगेगा बड़ा रोजगार मेला, 8 हजार से ज्यादा पदों पर युवाओं को मिलेगा मौका

रायपुर: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार से जुड़ी बड़ी खबर है। राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 7 और 8 अक्टूबर 2026 को राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में होने वाले इस आयोजन में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों के 8 हजार से अधिक रिक्त पदों पर युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों में होंगी रिक्तियां

कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से आयोजित इस रोजगार मेले का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। आयोजन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य और कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की अध्यक्षता में होगा।

विभाग की ओर से प्रदेश के बड़े उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध रिक्त पदों के लिए युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।

ई-रोजगार पोर्टल पर मिलेंगी रिक्तियों की जानकारी

कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के सचिव डॉ. बसवराजू एस. ने बताया कि इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी हासिल कर सकते हैं और रोजगार मेले के लिए अपना पंजीयन भी करा सकते हैं। चयनित आवेदकों को कार्यक्रम के दौरान ऑफर लेटर देने की भी तैयारी की गई है।

रोजगार मेले में शामिल होने वाले युवाओं को विभिन्न प्रतिष्ठानों और उद्योगों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी मिलेगी। साथ ही वे अपनी योग्यता के अनुसार संबंधित पदों के लिए आवेदन भी कर सकेंगे।

गांवों और शहरों तक पहुंचाई जा रही जानकारी

रोजगार मेले में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। संबंधित विभागों और जिलों को भी युवाओं तक रोजगार मेले की जानकारी पहुंचाने और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य सरकार के मुताबिक, यह रोजगार मेला प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित संस्थानों और उद्योगों से सीधे जुड़ने का अवसर देगा। आयोजन को सफल बनाने और अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।