उत्तर प्रदेश

अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा एक्शन, 3 फरार आरोपियों की संपत्ति कुर्क; घरों से AC से लेकर फर्नीचर तक जब्त

शामली: उत्तर प्रदेश के शामली में हुए हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोर्ट के आदेश के बाद शामली पुलिस ने गोगी गैंग के सरगना राहुल उर्फ भोलू और शूटर आर्यन संधू व सत्यम कादियान के हरियाणा स्थित घरों पर कुर्की की कार्रवाई की। तीनों आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित है।

सोनीपत और करनाल में पहुंची पुलिस की टीमें

सीओ जितेंद्र यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने हरियाणा के सोनीपत और करनाल में आरोपियों के ठिकानों पर कार्रवाई की। इस दौरान उनके घरों से एसी, वाशिंग मशीन, जिम उपकरण, सेफ और फर्नीचर समेत लाखों रुपये का सामान जब्त किया गया। पुलिस ने यह कार्रवाई अदालत के आदेश के तहत की है।

जिम से निकलते ही अंकित पर हुई थी फायरिंग

अंकित बालियान 26 अगस्त की शाम करीब 6:45 बजे शामली के नालापटरी स्थित फिटनेस जिम से बाहर निकले थे। इसी दौरान हथियारबंद बदमाशों ने उन पर गोली चला दी थी। गोली लगने से अंकित की मौत हो गई थी। हत्या के बाद इंटरनेट मीडिया पर सामने आई एक पोस्ट ने मामले को नया मोड़ दे दिया था।

पोस्ट में भोलू शाहपुरिया ने ली थी जिम्मेदारी

हत्या के बाद सामने आई पोस्ट में भोलू शाहपुरिया ने वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। इसके बाद पुलिस ने पोस्ट की तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और भोलू से जुड़े लोगों के संबंध सामने आने की बात कही गई थी। भोलू लंबे समय से फरार चल रहा है और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है।

कोर्ट के आदेश के बाद तीनों की संपत्ति कुर्क

अंकित बालियान हत्याकांड में भोलू शाहपुरिया के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कैराना की अदालत से गैर जमानती वारंट जारी किए गए थे। गिरफ्तारी नहीं होने के बाद न्यायालय ने उसकी फरारी की उद्घोषणा की थी।

इसके बाद तीन अक्टूबर को न्यायालय ने भोलू समेत तीन फरार आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने के आदेश दिए थे। इसी आदेश के तहत पुलिस ने हरियाणा में आरोपियों के ठिकानों पर पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई की और घरों में मौजूद सामान जब्त किया।