हरियाणा

हरियाणा के कच्चे कर्मचारियों को राहत, सेवा सुरक्षा के लिए आवेदन की तारीख बढ़ी; अब 30 नवंबर तक मिलेगा मौका

चंडीगढ़: हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार ने सेवा सुरक्षा का लाभ लेने के इच्छुक पात्र कर्मचारियों को राहत दी है। सरकार ने ऑनलाइन पंजीकरण और दस्तावेजों के सत्यापन की समय-सीमा बढ़ा दी है। अब कर्मचारी 30 नवंबर 2026 तक पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को भी आवेदनों और रिकॉर्ड की जांच पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है।

आवेदन और सत्यापन की नई तारीखें जारी

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, सेवा सुरक्षा का लाभ लेने के इच्छुक पात्र कर्मचारियों को 30 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा।

इसके बाद आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) को 15 दिसंबर तक आवेदनों और संबंधित रिकॉर्ड का सत्यापन करना होगा। वहीं, विभागाध्यक्षों को सत्यापन की पूरी प्रक्रिया 31 दिसंबर तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

कहां और कैसे कर सकते हैं आवेदन?

पात्र कर्मचारी हरियाणा सरकार के सरकारी पोर्टल पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। सरकार ने सभी विभागों और संबंधित अधिकारियों को नई समय-सारणी का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

कई बार बढ़ाई जा चुकी है आवेदन की समय-सीमा

संविदा कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा का लाभ देने के लिए शुरू की गई प्रक्रिया में पहले भी कई बार समय-सीमा बढ़ाई जा चुकी है। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, सेवा सुरक्षा का ऑनलाइन पोर्टल 25 दिसंबर 2025 को शुरू किया गया था।

शुरुआत में आवेदन की अंतिम तारीख 31 जनवरी तय की गई थी। बाद में इसे बढ़ाकर 20 फरवरी और फिर 15 मार्च किया गया। इसके बाद 26 जून को विभागाध्यक्ष स्तर पर लंबित आवेदनों के सत्यापन की समय-सीमा 15 अगस्त तक बढ़ाई गई। जुलाई और अगस्त में भी इस संबंध में नए निर्देश जारी किए गए।

सितंबर में सरकार ने एक बार फिर नई समय-सारणी तय की थी। इसके तहत कर्मचारियों के पंजीकरण की अंतिम तारीख 30 सितंबर, डीडीओ स्तर पर सत्यापन की तारीख 15 अक्टूबर और विभागाध्यक्षों के सत्यापन की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर निर्धारित की गई थी। अब सरकार ने एक बार फिर आवेदन और सत्यापन के लिए समय बढ़ा दिया है।