Latest:
हरियाणा

504 करोड़ के बैंक घोटाले में 6 आईएएस अधिकारियों पर आरोप, सीबीआई चार्जशीट में रिश्वत से लेकर नियमों की अनदेखी तक का जिक्र

नई दिल्ली: हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों और संस्थाओं से जुड़े 504 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले के मामले में छह आईएएस अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है। चार्जशीट में अधिकारियों पर बैंक अधिकारियों और अन्य आरोपियों के साथ कथित आपराधिक साजिश, सरकारी धन को निजी बैंकों में स्थानांतरित कराने, बैंक चयन और एफडी निवेश से जुड़े नियमों की अनदेखी समेत कई आरोप लगाए गए हैं।

चार्जशीट में साकेत कुमार, राम कुमार सिंह, पंकज अग्रवाल, प्रदीप कुमार, विनीत गर्ग और मोहम्मद शाइन के नाम शामिल हैं। आरोपों के मुताबिक, अधिकारियों ने वित्त विभाग की निर्धारित सीमाओं को दरकिनार किया और सरकारी धन से जुड़े फैसलों में तय प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया। मामले में सबूत छिपाने और रिश्वत या अन्य अनुचित लाभ लेने के आरोपों का भी उल्लेख किया गया है।

साकेत कुमार पर 25 करोड़ रुपये के हस्तांतरण का आरोप

चार्जशीट के अनुसार साकेत कुमार 16 जून 2025 से 10 अप्रैल 2026 तक विकास एवं पंचायत विभाग के आयुक्त एवं सचिव रहे। इस दौरान उनके पास हरियाणा पावर जनरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी था।

आरोप है कि एक पूर्व बैंक अधिकारी की सिफारिश पर एचपीजीसीएल पेंशन फंड ट्रस्ट से 25 करोड़ रुपये निकाले गए और यह राशि आईडीएफसी बैंक में जमा कराई गई।

राम कुमार सिंह पर 2.5 करोड़ रुपये लेने का आरोप

पंचकूला नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त राम कुमार सिंह पर भी चार्जशीट में गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसके मुताबिक, 11 जनवरी 2026 को उनके घर 50 लाख रुपये पहुंचाए गए। इसके बाद 22 जनवरी को दिल्ली में उनके बेटे प्रशांत सिंह को तीन अलग-अलग किश्तों में कुल दो करोड़ रुपये दिए गए।

इन किश्तों में एक करोड़, 50 लाख और 50 लाख रुपये शामिल थे।

विनीत गर्ग के घर पहुंचाए गए सोने के सिक्के

हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के तत्कालीन अध्यक्ष विनीत गर्ग के मामले में भी प्रक्रियागत अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है। जांच के दौरान आरोप सामने आया कि दीपावली से पहले उनके घर 50-50 ग्राम के दो सोने के सिक्के पहुंचाए गए।

चार्जशीट में कहा गया है कि ये सिक्के एक पूर्व बैंक अधिकारी के माध्यम से पहुंचाए गए थे।

पंकज अग्रवाल के लिए होटल में पार्टियों का आरोप

पंकज अग्रवाल को लेकर भी चार्जशीट में आरोप दर्ज हैं। इसमें उनके लिए होटल में नृत्य और पार्टियों के आयोजन का उल्लेख किया गया है। आरोप है कि इन आयोजनों की व्यवस्था भी पूर्व बैंक अधिकारी रिभव ऋषि ने की थी।

मोहम्मद शाइन पर बैंक को फायदा पहुंचाने का आरोप

एचपीजीसीएल के तत्कालीन प्रबंध निदेशक और अध्यक्ष मोहम्मद शाइन पर बैंक को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। चार्जशीट के मुताबिक, नवंबर 2024 में इंडसइंड बैंक में जमा करीब 108.46 करोड़ रुपये की एफडी समय से पहले तुड़वाई गई।

इसमें से 50 करोड़ रुपये आईडीएफसी बैंक में जमा कराए गए। आरोप है कि इस प्रक्रिया के कारण एचपीजीसीएल को 1.66 करोड़ रुपये के ब्याज का नुकसान हुआ।

प्रदीप कुमार पर 159.86 करोड़ रुपये के नुकसान का आरोप

वहीं, प्रदीप कुमार पर ब्याज दरों से जुड़ी कथित गड़बड़ियों के चलते हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को 159.86 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।

सीबीआई की चार्जशीट में पूरे मामले को सरकारी धन के प्रबंधन, बैंकिंग फैसलों, एफडी निवेश और कथित अनुचित लाभ से जुड़े आरोपों के तौर पर दर्ज किया गया है।