दूध उबलकर बार-बार गिरना देता है बड़े संकेत! चंद्र दोष से लेकर आर्थिक नुकसान तक, जानिए क्या कहता है वास्तु और ज्योतिष
भोपाल: रसोई में दूध उबलकर चूल्हे पर गिर जाना आमतौर पर एक छोटी सी लापरवाही माना जाता है, लेकिन वास्तु और ज्योतिष शास्त्र में इसे केवल सामान्य घटना नहीं माना गया है। मान्यता है कि अगर घर में बार-बार ऐसा हो रहा है, तो यह आने वाले समय के कुछ संकेत भी हो सकते हैं। ज्योतिष और वास्तु के अनुसार, दूध का उबलकर बाहर गिरना मानसिक तनाव, पारिवारिक अशांति, आर्थिक परेशानियों और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों से जुड़ा माना जाता है।
कमजोर चंद्रमा का संकेत माना जाता है
ज्योतिष शास्त्र में दूध का संबंध चंद्रमा से बताया गया है। चंद्रमा को मन, भावनाओं और मानसिक शांति का कारक माना जाता है। ऐसे में यदि बार-बार दूध उबलकर बाहर गिर रहा हो, तो इसे कुंडली में चंद्रमा की कमजोरी या चंद्र दोष का संकेत माना जाता है। मान्यता है कि इससे व्यक्ति मानसिक तनाव, अस्थिरता और निर्णय लेने में भ्रम जैसी समस्याओं का सामना कर सकता है।
घर में बढ़ सकता है क्लेश और तनाव
वास्तु शास्त्र के मुताबिक, अग्नि पर दूध का गिरना अग्नि और जल तत्व के असंतुलन को दर्शाता है। लगातार ऐसा होना परिवार के भीतर तनाव और मतभेद बढ़ने का संकेत माना जाता है। छोटी-छोटी बातों पर विवाद, वैचारिक टकराव और घरेलू अशांति जैसी परिस्थितियां बनने की आशंका रहती है।
आर्थिक नुकसान का भी माना जाता है संकेत
धार्मिक मान्यताओं में दूध को समृद्धि और लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है। ऐसे में दूध का बार-बार चूल्हे या जमीन पर गिरना आर्थिक नुकसान से जोड़कर देखा जाता है। वास्तु मान्यताओं के अनुसार, यह आने वाले समय में अचानक बढ़ने वाले खर्च, धन हानि या निवेश में नुकसान की ओर इशारा कर सकता है। ऐसे समय में फिजूल खर्चों से बचने और आर्थिक मामलों में सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।
सेहत पर भी पड़ सकता है असर
वास्तु मान्यताओं के अनुसार, दूध का लगातार गिरना स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का संकेत भी माना जाता है। खासतौर पर घर की महिलाओं और वरिष्ठ सदस्यों की सेहत को लेकर सतर्क रहने की जरूरत बताई जाती है। यदि यह स्थिति लगातार बनी हुई है, तो स्वास्थ्य जांच और सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
शुभ काम से पहले दूध गिरना क्यों माना जाता है अशुभ
मान्यता है कि यदि किसी महत्वपूर्ण काम, इंटरव्यू, यात्रा या शुभ कार्य के लिए निकलते समय दूध उबलकर बाहर गिर जाए, तो इसे कार्य में बाधा का संकेत माना जाता है। वास्तु शास्त्र में इसे अपशगुन की श्रेणी में देखा जाता है, जो बनते हुए काम में रुकावट आने की ओर इशारा करता है।
नकारात्मक प्रभाव कम करने के लिए अपनाएं ये उपाय
वास्तु और ज्योतिष शास्त्र में कुछ आसान उपाय बताए गए हैं, जिनकी मदद से इन नकारात्मक प्रभावों को कम करने का दावा किया जाता है।
सोमवार या पूर्णिमा के दिन चांदी के पात्र में जल और थोड़ा दूध मिलाकर चंद्रमा को अर्घ्य देने से चंद्र दोष शांत होने और मानसिक शांति मिलने की मान्यता है।
सोमवार के दिन जरूरतमंद लोगों को दूध, चावल, चीनी या सफेद वस्त्र का दान करना भी शुभ माना गया है।
यदि किसी शुभ काम पर निकलते समय दूध गिर जाए, तो भगवान के सामने कपूर जलाकर और मीठा भोग लगाकर घर से निकलने की सलाह दी जाती है।
वास्तु के अनुसार, दूध उबालते समय मुख पूर्व दिशा की ओर रखना शुभ माना जाता है। साथ ही रसोई के उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व दिशा को साफ-सुथरा रखने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
