हरियाणा के सरकारी अस्पतालों की जानकारी अब मोबाइल पर मिलेगी, एक क्लिक में दिखेगा पूरा स्वास्थ्य नेटवर्क
जीआईएस मैपिंग से तैयार होगा एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म
इस योजना को जियोग्राफिकल इंफॉर्मेशन सिस्टम (जीआईएस) मैपिंग के माध्यम से विकसित किया जा रहा है। इसके जरिए स्वास्थ्य, आयुष और चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभागों के अंतर्गत आने वाले सभी स्वास्थ्य संस्थानों से जुड़ी जानकारी को एक मंच पर लाया जाएगा। अभी अलग-अलग विभागों में बिखरे रिकॉर्ड को एकीकृत कर ऐसी सूचना प्रणाली तैयार करने का लक्ष्य है, जिससे जरूरी जानकारियां आसानी से उपलब्ध हो सकें।
अस्पतालों की लोकेशन और तस्वीरें भी देख सकेंगे लोग
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने रविवार को एक बैठक में इस परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान हरियाणा के स्वास्थ्य संस्थानों की जीआईएस मैपिंग से संबंधित आंकड़े प्रस्तुत किए गए।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि इस व्यवस्था के माध्यम से डिजिटल इंटरफेस पर किसी भी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल की भौगोलिक स्थिति, संस्थान से जुड़ी बुनियादी जानकारी और उसकी तस्वीरें देखी जा सकेंगी। इससे राज्य के स्वास्थ्य नेटवर्क से संबंधित अहम विवरण एक ही जगह पर उपलब्ध होंगे।
सरकारी आंकड़ों को एक मंच पर लाने पर जोर
डॉ. सुमिता मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न आंकड़ों को एकीकृत प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की जरूरत बताई। उन्होंने यह भी कहा कि जहां तक संभव हो, इस जानकारी को आम लोगों के लिए भी सुलभ बनाया जाना चाहिए। सरकार का मानना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी हासिल करने में आसानी होगी और नीति निर्माताओं को भी राज्य के स्वास्थ्य ढांचे की बेहतर तस्वीर मिल सकेगी।

