दीपोत्सव से कुम्हारों और छोटे कारोबारियों को मिलेगा रोजगार, CM योगी बोले- हर दीप के पीछे जुड़ी है एक परिवार की आजीविका
मुख्यमंत्री के मुताबिक, दीपोत्सव में जलने वाला हर दीप किसी कुम्हार के परिश्रम, किसान की उपज और किसी परिवार की रोजी-रोटी से जुड़ा है। इस आयोजन से स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
2017 से पहले स्थानीय लोगों को नहीं मिला था लाभ: योगी
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2017 से पहले अयोध्या की सांस्कृतिक संभावनाओं को स्थानीय कारीगरों, किसानों और छोटे व्यापारियों की आर्थिक समृद्धि से जोड़ने के लिए कोई पहल नहीं की गई थी। उस समय आस्था की ताकत को आजीविका के अवसरों में बदलने की सोच का अभाव था।
दीपोत्सव से कारीगरों और व्यापारियों को नए अवसर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदलने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में लाखों दीपों से जगमगाने वाला दीपोत्सव आज कुम्हारों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों के लिए काम और कारोबार के नए अवसर तैयार कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जिस मिट्टी के दीये से रामनगरी रोशन होती है, उसी के माध्यम से किसी मेहनतकश परिवार के घर में भी खुशहाली की उम्मीद जगती है। मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव को आस्था, परिश्रम और स्थानीय आजीविका से जुड़ा आयोजन बताया।

