Featured Newsमध्य प्रदेश

शराब की लत छुड़ाने के लिए पिलाया जड़ी-बूटी का काढ़ा बना जानलेवा, बैतूल में दो की मौत; 5 की हालत गंभीर

बैतूल: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शराब की लत छुड़ाने के नाम पर पिलाया गया कथित जड़ी-बूटी का काढ़ा दो लोगों की मौत का कारण बन गया। चिचोली थाना क्षेत्र के पाटाखेड़ा गांव में हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। काढ़े का सेवन करने के बाद पांच अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए बैतूल जिला अस्पताल रेफर किया गया। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।

शराब छुड़ाने के नाम पर लोगों को पिलाया गया काढ़ा

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पाटाखेड़ा गांव में रमेश उइके नाम का व्यक्ति लोगों को शराब की लत छुड़ाने के लिए जड़ी-बूटी का काढ़ा पिला रहा था। गांव और आसपास के कुछ लोगों ने शराब छोड़ने की उम्मीद में उसका सेवन किया। काढ़ा पीने के कुछ समय बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं। देखते ही देखते कई लोगों की हालत गंभीर हो गई।

दो लोगों की मौत, पांच अस्पताल में भर्ती

इस घटना में देहगुड़ (आठनेर) निवासी रामकिशोर और महाराजपुर इमलीखेड़ा निवासी संजय की मौत हो गई। वहीं, काढ़ा पीने से बीमार हुए पांच अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें कालवेरा (आठनेर) निवासी रामदास और सहदेव की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। दोनों की नब्ज कम होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए बैतूल जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं, मोहन, राकेश और विजय की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।

सीएमएचओ ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा

घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा खुद मौके पर पहुंचे और मरीजों की स्थिति के साथ उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि डॉ. अभिनव शुक्ला के माध्यम से पाटाखेड़ा गांव में लोगों के बीमार होने की सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार, एक ओझा ने शराब छुड़ाने के नाम पर लोगों को जड़ी-बूटी का काढ़ा पिलाया था। इसके बाद दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

उल्टी, कम नब्ज और अस्थिर बीपी से बिगड़ी हालत

सीएमएचओ के मुताबिक, प्रभावित लोगों को लगातार उल्टियां हो रही थीं। उनकी नब्ज कम होने के साथ ही रक्तचाप भी अस्थिर हो रहा था। प्राथमिक उपचार के तौर पर मरीजों के पेट की धुलाई कराई गई। काढ़े का सेवन करने वालों में आठनेर विकासखंड के देहगुड़ और सारणी क्षेत्र के लोग भी शामिल बताए गए हैं। इसे देखते हुए संबंधित इलाकों की स्वास्थ्य टीमों, आशा कार्यकर्ताओं और टीपीएम को सतर्क कर दिया गया है।

घर-घर सर्वे कर रही स्वास्थ्य विभाग की टीम

प्रशासन ने यह पता लगाने के लिए गांवों में निगरानी बढ़ा दी है कि कहीं काढ़े का सेवन करने वाला कोई अन्य व्यक्ति भी बीमार तो नहीं है। आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं, ताकि प्रभावित लोगों की पहचान कर उन्हें समय पर इलाज उपलब्ध कराया जा सके। दूसरी ओर, पुलिस और राजस्व विभाग ने भी घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिससे मौत की वास्तविक वजह और काढ़े में मौजूद संभावित जहरीले पदार्थ की प्रकृति का पता लगाया जा सके।