Featured Newsउत्तराखंड

अलनीनो के बावजूद दिसंबर-जनवरी में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, उत्तराखंड में शीतलहर और कोहरे का अलर्ट जैसे हालात

देहरादून: उत्तराखंड में इस बार दिसंबर और जनवरी के दौरान अलनीनो का प्रभाव रहने के बावजूद सर्दी के तेवर तीखे हो सकते हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने रात के तापमान में तेजी से गिरावट आने और मैदानी इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का असर भी प्रदेश के मौसम पर दिखाई दे सकता है। हालांकि दिन के तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट होने के आसार नहीं हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिसंबर और जनवरी में करीब 10 से 15 दिन ऐसे हो सकते हैं, जब अलनीनो का प्रभाव कमजोर रहेगा। इस दौरान रात के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज होने की संभावना है। इससे पहाड़ी इलाकों के साथ मैदानी क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ेगी। खासकर सुबह और रात के समय शीतलहर के कारण ठिठुरन ज्यादा महसूस हो सकती है।

मैदानी इलाकों में कोहरा बढ़ाएगा परेशानी

सर्दी के दौरान प्रदेश के मैदानी इलाकों में कोहरा छाने की भी आशंका है। दिसंबर और जनवरी के कुछ दिनों में शीतलहर के साथ घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है। हालांकि इस अवधि में बारिश की संभावना से मौसम विभाग के अधिकारियों ने इनकार किया है।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. एएस नैन के मुताबिक मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है। दिन के तापमान में बहुत अधिक अंतर आने की संभावना नहीं है, लेकिन रात का पारा गिर सकता है। दिसंबर और जनवरी के कुछ दिनों में अच्छी ठंड महसूस होगी।

20 से 26 नवंबर तक मौसम रहेगा शुष्क

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तराखंड में अगले सात दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। 20 से 26 नवंबर के बीच प्रदेश के किसी भी जिले में वर्षा का अनुमान नहीं जताया गया है। हालांकि 20, 21 और 22 नवंबर को पर्वतीय जिलों की घाटियों में कहीं-कहीं हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का अहसास बढ़ेगा।

इसके बाद 23 से 26 नवंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 20 से 24 नवंबर तक किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। इस अवधि के लिए सभी जिले ग्रीन जोन में रखे गए हैं। फिलहाल बारिश, बर्फबारी या खराब मौसम को लेकर कोई अलर्ट नहीं है।

पहाड़ी इलाकों में सामान्य से अधिक रहा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया। वहीं पर्वतीय इलाकों में तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक रहा। अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने के कारण तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।