झारखंड में अकवान का असर तेज, रांची समेत 6 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट; आंधी और वज्रपात की भी चेतावनी
अकवान की दिशा बदली, झारखंड में बढ़ सकता है असर
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान चक्रवात अकवान की दिशा में बदलाव आया है। पहले यह मध्य बंगाल की खाड़ी से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा था, लेकिन अब इसका रुख उत्तर दिशा की तरफ हो गया है। इसके चलते झारखंड में तूफान का प्रभाव बढ़ने की संभावना है।
गुरुवार शाम रांची में आसमान में घने बादल छाए रहे और हल्की बारिश भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी आशंका है।
शुक्रवार दोपहर ओडिशा तट से टकरा सकता है तूफान
पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में मौजूद भीषण चक्रवाती तूफान अकवान तेजी से उत्तर दिशा में आगे बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह यह आंध्र प्रदेश के नरसापुर से करीब 420 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व, कलिंगपट्टनम से 400 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 490 किलोमीटर दक्षिण में था। पुरी से इसकी दूरी लगभग 550 किलोमीटर दक्षिण बताई गई थी।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर तक तूफान के नरसापुर और पुरी के बीच गोपालपुर के पूर्व के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। तेज झोंकों के साथ इसकी गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट, शनिवार को भी रहेगी निगरानी
रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, शुक्रवार को रांची, रामगढ़, खूंटी, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, शनिवार को संताल परगना के सभी जिलों के साथ गिरिडीह और धनबाद में भी भारी बारिश की आशंका है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
चक्रवात के प्रभाव से तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
किसानों को फसल सुरक्षित रखने की सलाह
मौसम विभाग ने चक्रवात के प्रभाव से होने वाली बारिश को देखते हुए किसानों के लिए भी कृषि परामर्श जारी किया है। किसानों को खेतों में पककर तैयार फसलों की कटाई कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है। साथ ही खेतों में बारिश का पानी जमा होने पर उसकी निकासी की व्यवस्था करने को कहा गया है।
बारिश के दौरान सब्जियों की फसल की कटाई और उन पर दवाओं का छिड़काव नहीं करने की सलाह दी गई है। बारिश थमने के बाद फसलों में होने वाली बीमारियों पर नजर रखने और समय रहते जरूरी उपाय करने को कहा गया है।

