Featured Newsउत्तर प्रदेश

‘सड़क पर चलने वाली सबसे महंगी गाड़ी आपकी हो सकती है’, खंड शिक्षा अधिकारी की बातों ने बच्चों में भरा बड़े सपने देखने का हौसला

baijnath
बैजनाथ जायसवाल

त्रिवेदीगंज (बाराबंकी): नवागत खंड शिक्षा अधिकारी सत्यप्रकाश यादव ने शुक्रवार को विकासखंड त्रिवेदीगंज में कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालय दहिला पहुंचकर छात्र-छात्राओं से मुलाकात की और उनसे सीधे संवाद कर शिक्षा के महत्व को समझाया। इस दौरान उन्होंने अपने प्रेरक शब्दों से बच्चों में आत्मविश्वास जगाने के साथ उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए मेहनत करने का संदेश दिया।

‘सबसे महंगी गाड़ी आपकी हो सकती है’

विद्यालय में बच्चों के बीच पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए एक सवाल पूछा, “सड़क पर चलने वाली सबसे महंगी गाड़ी किसकी हो सकती है?” इसके बाद उन्होंने खुद ही जवाब देते हुए कहा, “आपकी!” उनकी इस बात ने बच्चों को यह संदेश दिया कि वर्तमान परिस्थितियां उनके भविष्य की संभावनाओं को सीमित नहीं करतीं। आज वे भले ही विद्यार्थी हैं, लेकिन मेहनत, लगन और बेहतर शिक्षा के दम पर भविष्य में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

मेहनत और शिक्षा से सपने पूरे करने का दिया संदेश

सत्यप्रकाश यादव ने छात्र-छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में अपना लक्ष्य निर्धारित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सपनों को साकार करने के लिए लगातार प्रयास करना जरूरी है। उनके प्रेरक संवाद से बच्चों को अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखने और आगे बढ़ने का हौसला मिला। नवागत खंड शिक्षा अधिकारी का विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनसे सीधे बातचीत करना विद्यालय के लिए उत्साहवर्धक रहा।

विद्यालय परिवार ने पुष्पगुच्छ देकर किया स्वागत

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार सहित सहायक अध्यापक हेमंत कुमार, सुनील कुमार, मृदुला सागर, हरिकेश द्विवेदी तथा अनुदेशक अनिल कुमार और नेहा सिंह ने नवागत खंड शिक्षा अधिकारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।