पूर्व सांसद नंदकुमार साय चोटिल, CM विष्णुदेव साय हेलिकॉप्टर से लेकर पहुंचे रायपुर; बालाजी अस्पताल में कराया भर्ती
दो दिन पहले फिसलकर गिरने से आई चोट
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि नंदकुमार साय दो दिन पहले फिसलकर गिर गए थे। इस घटना में उनके पैर में चोट आई थी, जिसके कारण उन्हें चलने-फिरने में काफी परेशानी हो रही थी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रविवार को जशपुर प्रवास के दौरान उन्हें नंदकुमार साय के निवास के पास आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला था। इसके बाद रात में वह उनके घर पहुंचे और मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।
बेहतर इलाज के लिए अपने साथ हेलिकॉप्टर से लाए रायपुर
मुख्यमंत्री ने बताया कि सोमवार को उन्हें रायपुर लौटना था। नंदकुमार साय को भी बेहतर उपचार की जरूरत थी। ऐसे में उन्होंने उन्हें अपने साथ हेलिकॉप्टर से रायपुर लाने का फैसला किया, ताकि पैर की चोट के कारण उन्हें सड़क मार्ग से यात्रा करने में परेशानी न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदकुमार साय के बेहतर उपचार के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है।

