राज्य

हमीरपुर पुल हादसे पर सीएम योगी का बड़ा फैसला, मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख और घायलों को 50-50 हजार की सहायता

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल पर हुई दर्दनाक दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत हृदय विदारक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए।

बचाव अभियान तेज करने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन को तुरंत सक्रिय होने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीआरएफ के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित करने को कहा है। साथ ही घायलों को बिना देरी के बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित परिवारों की मदद में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रदेशभर में मौसम की मार पर भी सख्त नजर

मुख्यमंत्री ने गुरुवार देर रात प्रदेश के कई जिलों में आई आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली से हुए नुकसान का भी संज्ञान लिया है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को तत्काल फील्ड में उतरकर सर्वे करने और जन-धन के नुकसान का आकलन कर शीघ्र राहत राशि जारी करने के निर्देश दिए हैं।

हर तीन घंटे में रिपोर्ट देने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सभी जिलाधिकारी हर तीन घंटे में स्थिति की अद्यतन रिपोर्ट शासन को भेजें। इसके साथ ही राहत शिविरों, मुआवजा वितरण और बचाव कार्यों की जानकारी आमजन तक समय पर पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपडेट साझा किए जाएं।

जनता से सतर्क रहने की अपील

सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है और प्रभावित लोगों तक हर संभव सहायता पहुंचाई जाएगी।