दिलचस्पसामान्य ज्ञान

चीन का रहस्यमयी गाँव जहां आधी आबादी बौनी, कई लोगों की लंबाई मात्र 2 फीट

चीन के शिचुआन प्रांत में स्थित यांग्सी गांव दुनिया के सबसे अनोखे और रहस्यमयी गांवों में गिना जाता है। इस गांव की सबसे खास बात यह है कि यहां की लगभग 50 फीसदी आबादी बौनी है। गांव के 80 में से 36 लोग केवल दो फीट एक इंच से तीन फीट दस इंच तक की लंबाई के हैं। इतनी बड़ी संख्या में बौनों के होने के कारण इसे स्थानीय रूप से ‘बौनों का गांव’ कहा जाता है।

पीढ़ियों से चली आ रही रहस्यमयी बीमारी

गांव के बुजुर्ग बताते हैं कि यह समस्या कई दशकों से है। उनके अनुसार पहले यह गांव खुशहाल और सामान्य जीवन जी रहा था, लेकिन एक खतरनाक बीमारी ने गांव को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई लोग अजीब-गरीब हालात से जूझने लगे। खासकर पांच से सात साल के बच्चों की लंबाई इस उम्र के बाद बढ़ना बंद हो जाती है।

वैज्ञानिक भी अंधेरे में

इस इलाके में बौनों की खबरें 1911 से मिल रही हैं। 1947 में एक अंग्रेज वैज्ञानिक ने भी सैकड़ों बौनों को देखा। आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार यह बीमारी 1951 में प्रशासन के संज्ञान में आई, जब पीड़ितों के अंग छोटे होने की शिकायतें मिलीं। 1985 की जनगणना में गांव में लगभग 119 मामले दर्ज हुए। धीरे-धीरे यह समस्या पीढ़ी दर पीढ़ी बढ़ती रही। डर के कारण कई परिवार गांव छोड़ कर चले गए।

वैज्ञानिकों ने गांव के पानी, मिट्टी और अनाज का कई बार अध्ययन किया, लेकिन अभी तक बीमारी का कोई ठोस कारण नहीं मिला। 1997 में जमीन में पारा होने की बात कही गई, लेकिन यह साबित नहीं हो सका। कुछ लोगों का मानना है कि इसका कारण जापान द्वारा छोड़ी गई ज़हरीली गैसें हो सकती हैं, हालांकि इतिहास बताता है कि जापान कभी इस इलाके में नहीं पहुंचा।

मिथक और अंधविश्वास

गांव के कुछ लोग इसे बुरी ताकत का असर मानते हैं, तो कुछ का कहना है कि खराब फेंगशुई और पूर्वजों को ठीक से दफन न करने के कारण यह समस्या हुई। चीन प्रशासन ने इस गांव पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं लगाया, लेकिन विदेशी शोधकर्ताओं और पत्रकारों को यहां आने की अनुमति बहुत कम ही मिलती है। ज्यादातर जानकारी वही से बाहर आती है, जो सीमित रिपोर्टर्स यहां तक पहुंच पाते हैं।

वैज्ञानिक और सामाजिक चुनौती

यांग्सी का रहस्य आज भी अनसुलझा है। विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों की तमाम कोशिशों के बावजूद बीमारी का मूल कारण पता नहीं चल सका। यह गांव अब भी शोध और पर्यटन के लिए एक आकर्षक लेकिन रहस्यमयी जगह बना हुआ है।