उत्तर प्रदेश

बाराबंकी में घर की पिछली दीवार में सेंध लगाकर लाखों की चोरी, 3.40 लाख नकद समेत करीब 3 किलो जेवर ले गए चोर

बैजनाथ जायसवाल

बाराबंकी: लोनीकटरा थाना क्षेत्र के देवापुर गांव में 7 अक्टूबर की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों ने एक पुश्तैनी मकान की पिछली दीवार में सेंध लगाकर नगदी और जेवरात समेत गेहूं की बोरियां चोरी कर लीं। पीड़ित के मुताबिक चोर घर में रखे 3 लाख 40 हजार रुपये नकद, करीब 3 किलो वजन के चांदी के जेवरात, सोने की झुमकी और जंजीर समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना के समय घर में परिवार के लोग सो रहे थे, लेकिन किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी।

पिछली दीवार में सेंध लगाकर घर में घुसे चोर

पीड़ित छंगालाल के मुताबिक 7 अक्टूबर की रात अज्ञात चोर देवापुर स्थित उनके पुश्तैनी मकान की पिछली दीवार में नकब लगाकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद घर में रखी 3,40,000 रुपये की नगदी और जेवरात चोरी कर लिए। चोरी हुए जेवरात में चार लच्छा, चार हंसुली, चार हथफूल, चार पाजेब और चार करधनी शामिल हैं। इन चांदी के जेवरात का कुल वजन करीब 3 किलोग्राम बताया गया है।

इसके अलावा चोर करीब 8 ग्राम वजन की सोने की झुमकी, लगभग 15 ग्राम की सोने की जंजीर, चार बटुआ और दो बोरी गेहूं भी उठा ले गए।

घर में सोते रहे लोग, सुबह हुई चोरी की जानकारी

घटना के समय छंगालाल की मां कलावती, उनके भाई की पत्नी और उसकी बेटी घर की खुली छत और नीचे सो रही थीं। इसके बावजूद किसी को चोरों के घर में घुसने और सामान लेकर जाने की जानकारी नहीं हो सकी। सुबह जब परिवार के लोग उठे और घर की स्थिति देखी, तब चोरी का पता चला।

छंगालाल के भाई छोटेलाल की पत्नी ने उन्हें घटना की जानकारी दी। इसके बाद छंगालाल और उनके भाई छोटेलाल मौके पर पहुंचे और घर में हुई चोरी का जायजा लिया।

चार भाइयों के जेवर मां के पास रखे थे

पीड़ित ने बताया कि वह और उसका भाई छोटेलाल मिलकर भैंस खरीदने और बेचने का कारोबार करते हैं। इसी वजह से वे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड के किनारे बने मकान में रहते हैं। छंगालाल चार भाइयों में से एक हैं और सभी भाइयों के जेवर उनकी मां के पास ही रखे रहते थे।

पीड़ित ने चोरी की घटना के संबंध में लोनीकटरा थाने में प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। प्रार्थना पत्र 8 अक्टूबर 2026 को दिया गया है।